Second day of CM Yadav’s Spain visit: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को स्पेनिश फिल्म कमीशन के अध्यक्ष जुआन मैनुअल गुइमेरांस से मुलाकात की। इस दौरान गुइमेरांस ने हाल ही में राज्य के प्रतिनिधियों के साथ हुई अपनी बैठक को शानदार और लाभदायक बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में स्पेनिश दर्शकों के लिए असीम संभावनाएं हैं और दोनों पक्ष फिल्मों को उद्योग और पर्यटन के प्रमुख माध्यम के रूप में बढ़ावा देने के साझा लक्ष्य पर सहमत हैं। गुइमेरांस ने कहा कि यह एक शानदार बैठक थी। मुख्यमंत्री स्वयं एक बेहद रोचक व्यक्ति हैं और साथ ही वह एक ऐसे राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं जो अभी स्पेनिश लोगों के लिए ज्यादा जाना-पहचाना नहीं है। मेरे लिए यह जानना बहुत रोचक रहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन और फिल्म उद्योग के क्षेत्र में क्या-क्या प्रस्तुत करता है। यह एक लाभकारी मुलाकात रही। उन्होंने कहा कि स्पेनिश फिल्म कमीशन का मुख्य उद्देश्य फिल्म को एक उद्योग और पर्यटन को बढ़ाने वाले माध्यम के रूप में प्रोत्साहित करना है। यही इस एमओयू (समझौता ज्ञापन) का भी मूल उद्देश्य है।
ला-लिगा देगा फुटबाल प्रशिक्षण, मप्र में शुरू होंगे स्पेनिश कोचिंग आधारित यूथ ट्रेनिंग प्रोग्राम
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को स्पेन यात्रा के पहले दिन की शुरूआत मैड्रिड स्थित विश्व प्रसिद्ध ‘ला लिगा’ मुख्यालय के भ्रमण से की और वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट कर खेल, युवा सशक्तिकरण और निवेश सहयोग पर केंद्रित संवाद किया। उन्होंने कहा कि ‘ला लिगा’ की खेल विशेषज्ञता और वैश्विक पहुंच का लाभ मध्यप्रदेश के युवाओं तक पहुंचना चाहिए। यह यात्रा सिर्फ एक औपचारिक दौरा नहीं, बल्कि खेल के क्षेत्र में नवाचार, सामाजिक समावेशन और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी की दिशा में प्रदेश के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने लालिगा के पदाधिकारी और तकनीकी निदेशकों के समक्ष प्रस्ताव रखा कि मध्यप्रदेश में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर फुटबॉल एक्सीलेंस सेंटर, स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन और स्पेनिश कोचिंग आधारित यूथ ट्रेनिंग प्रोग्राम प्रारंभ किए जाएं।