दिन भर कुर्सी पर बैठे-बैठे काम करने से शरीर व दिमाग हो जाते हैं परेशान, प्रोडक्टिविटी व क्रिएटिविटी को बूस्ट करती है पोमोडोरो तकनीक

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में, जहां हर कोई अपने काम और जिम्मेदारियों में व्यस्त है, खुद के लिए समय निकालना बेहद जरूरी हो गया है। क्या आपने कभी सोचा कि दिन भर कुर्सी पर बैठे-बैठे काम करने से शरीर और दिमाग परेशान हो जाते हैं? फिर भी हम अक्सर ब्रेक लेना भूल जाते हैं।

काम के बीच में छोटे-छोटे ब्रेक लेना एक ऐसी आदत है, जो न केवल हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि हमारी प्रोडक्टिविटी और क्रिएटिविटी को भी बूस्ट करती है। यह इतनी आसान और प्रभावी है कि इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने से जिंदगी में बड़ा बदलाव आ सकता है।

लंबे समय तक लगातार काम करने से हमारा दिमाग और शरीर दोनों थक जाते हैं। एक ही जगह बैठे रहने या एक ही काम पर ध्यान देने से तनाव बढ़ता है और एकाग्रता कम होने लगती है। रिसर्च बताती है कि हमारा दिमाग 90-120 मिनट से ज्यादा देर तक पूरी तरह केंद्रित नहीं रह सकता। ऐसे में छोटे-छोटे ब्रेक लेने से दिमाग को आराम मिलता है और यह दोबारा तरोताजा होकर काम करने के लिए तैयार होता है। लंबे समय तक निष्क्रिय रहने से शरीर में अकड़न, कमर दर्द और थकान जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) भी कहता है कि हर 30-60 मिनट में कुछ मिनट का ब्रेक लेकर हल्की शारीरिक गतिविधि करना सेहत के लिए फायदेमंद है। यह न सिर्फ शारीरिक समस्याओं को कम करता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी दूर करने में मदद करता है।

छोटे ब्रेक लेने से दिमाग को रीचार्ज होने का मौका मिलता है। एक स्टडी में पाया गया कि जो लोग नियमित रूप से ब्रेक लेते हैं, उनकी प्रोडक्टिविटी बिना रुके काम करने वालों से ज्यादा होती है। ब्रेक के बाद आप ताजगी के साथ काम पर लौटते हैं और ज्यादा फोकस कर पाते हैं। तनाव कम होता है: लगातार काम करने से स्ट्रेस हार्मोन यानी कॉर्टिसोल बढ़ता है, जिससे सेहत को नुकसान होता है।

ब्रेक लेने से दिमाग रिलैक्स होता है और तनाव कम होता है। गहरी सांस लेना, टहलना या मेडिटेशन करना इसे और बेहतर बनाता है। कभी किसी काम में अटक गए हों, तो ब्रेक लेकर देखें। दिमाग को नई दिशा में सोचने का मौका मिलता है और कई बार समस्याओं का हल अपने आप सूझ जाता है। क्रिएटिव काम करने वालों के लिए यह तोहफा है। शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार: लंबे समय तक बैठे रहने से कमर दर्द, गर्दन में अकड़न और आंखों में थकान हो सकती है। ब्रेक में स्ट्रेचिंग, टहलना या आंखों को आराम देना इन समस्याओं को कम करता है।