वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। एक युवक ने फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए उन्हें यह धमकी दी है, जो अब तेजी से वायरल हो रही है। आरोपी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अगर वो मेरे घर की बात करता तो मैं उसका गला काट देता।”
महिलाओं पर दिए बयान से शुरू हुआ विवाद
यह धमकी प्रेमानंद महाराज के एक हालिया बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने युवाओं को मर्यादा और नैतिक जीवन जीने की सलाह दी थी। उन्होंने समाज में बढ़ते ‘गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड’ संस्कृति को समाज के लिए हानिकारक बताते हुए इस पर सवाल उठाए थे। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
इसी वायरल वीडियो को लेकर आरोपी युवक ने यह धमकी दी। युवक का कहना था कि प्रेमानंद महाराज ने जो बात कही है, वह पूरे समाज की बात है।
साधु-संतों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
इस धमकी की खबर सामने आने के बाद हिंदूवादी संगठनों और साधु-संतों में भारी आक्रोश है। श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलारी बाबा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर प्रेमानंद बाबा की तरफ आँख उठाकर देखेगा तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे किसी भी अपराधी की गोली अपनी छाती पर खाने के लिए तैयार हैं और सरकार से ऐसे व्यक्ति पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, महंत रामदास जी ने कहा कि गाय, कन्या और साधु की रक्षा करना बहुत जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी प्रेमानंद बाबा के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करेगा, उसे साधु समाज नहीं छोड़ेगा।