मौजूदा विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने सेंट लुई रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज टूर्नामेंट के पहले दिन बेहतरीन वापसी करते हुए संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। टूर्नामेंट की शुरुआत में उन्हें अमेरिका के दिग्गज खिलाड़ी लेवोन अरोनियन से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद उन्होंने अपनी लय पकड़ी और ग्रिगोरी ओपेरिन तथा लिएम ले क्वांग के खिलाफ दो शानदार जीत दर्ज की। इन दो जीतों के साथ, गुकेश ने संभावित छह अंकों में से कुल चार अंक हासिल किए।
अरोनियन का दबदबा बरकरार
लास वेगास फ्रीस्टाइल शतरंज टूर्नामेंट के विजेता अरोनियन ने अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए सभी मैच जीते और छह अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर हैं। उन्होंने उज्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव और फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव को भी हराया। वहीं, उनके हमवतन फैबियानो कारुआना ने दो जीत और एक ड्रॉ के साथ पांच अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया है।
अन्य खिलाड़ियों की स्थिति
गुकेश ने अमेरिका के वेस्ली सो के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान साझा किया। इसके अलावा, वाचियर-लाग्रेव और लीनियर डोमिन्गुएज पेरेज तीन-तीन अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। लिएम और ओपेरिन दो-दो अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि नोडिरबेक के खाते में एक अंक है। अमेरिका के सैम शैंकलैंड को अपने सभी मैचों में हार का सामना करना पड़ा और वह अंतिम स्थान पर हैं।
गुकेश के खेल की बात करें तो, अरोनियन के खिलाफ उन्हें कैरो कान डिफेंस के कारण हुई जटिलताओं के चलते हार मिली थी। हालांकि, ओपेरिन के खिलाफ दूसरे मैच में उन्होंने अपनी रानी की बलि देकर जीत दर्ज की। दिन के आखिरी मुकाबले में लिएम के खिलाफ भी उन्हें कड़ी चुनौती मिली, लेकिन गुकेश ने दबाव बनाए रखा और निर्णायक जीत हासिल करने में कामयाब रहे।