हेपेटाइटिस, लिवर को प्रभावित करने वाली एक गंभीर बीमारी है, जिसके पांच मुख्य प्रकार हैं – A, B, C, D और E। हाल ही में, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से संबद्ध इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने हेपेटाइटिस डी को कैंसर-कारक घोषित किया है। इससे पहले, WHO हेपेटाइटिस बी और सी को भी कैंसर-कारक बता चुका है।
साल 2020 में प्रकाशित ‘जर्नल ऑफ हेपेटोलॉजी’ की एक स्टडी के अनुसार, दुनिया भर में क्रॉनिक हेपेटाइटिस बी वायरस (HBV) से संक्रमित लगभग 5% (करीब 1.2 करोड़) लोग हेपेटाइटिस डी वायरस (HDV) से भी संक्रमित हैं। यह अध्ययन बताता है कि HBV से पीड़ित लोगों में लिवर की बीमारी और लिवर कैंसर के लगभग 20% मामले HDV के को-इंफेक्शन से जुड़े हो सकते हैं। एक चौंकाने वाली रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में हर 30 सेकंड में हेपेटाइटिस से संबंधित क्रॉनिक लिवर डिजीज या लिवर कैंसर से एक व्यक्ति की मौत हो जाती है। यह आंकड़ा बेहद चिंताजनक है, लेकिन समय पर जांच, टीकाकरण और उचित सावधानियों से इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
हेपेटाइटिस डी: लिवर कैंसर का बढ़ा हुआ जोखिम
हेपेटाइटिस डी एक वायरल संक्रमण है जो लिवर में सूजन और क्षति का कारण बनता है। यह हेपेटाइटिस डी वायरस (HDV) के कारण होता है। इस वायरस की एक खास बात यह है कि यह केवल हेपेटाइटिस बी वायरस (HBV) की उपस्थिति में ही अपनी संख्या बढ़ा सकता है, इसलिए HBV के बिना HDV संक्रमण संभव नहीं है।
HDV और HBV का एक साथ संक्रमण, जिसे सुपरइंफेक्शन कहा जाता है, क्रॉनिक वायरल हेपेटाइटिस का सबसे गंभीर रूप है। यह लिवर कैंसर और लिवर फेल्योर के खतरे को कई गुना बढ़ा देता है। IARC के अनुसार, हेपेटाइटिस डी, हेपेटाइटिस बी की तुलना में लिवर कैंसर के जोखिम को दो से छह गुना तक बढ़ा देता है।
HDV के साथ HBV होने पर इसकी मृत्यु दर 20% तक होती है, जो सभी प्रकार के हेपेटाइटिस में सबसे अधिक है। यह संक्रमण मुख्य रूप से संक्रमित रक्त या अन्य शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क से फैलता है। HDV के लक्षण अन्य प्रकार के हेपेटाइटिस जैसे ही होते हैं। यह लिवर में सूजन पैदा करता है, जिससे शुरुआत में हल्के लक्षण दिख सकते हैं, लेकिन समय के साथ ये गंभीर हो सकते हैं और लिवर को स्थायी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
किन लोगों को है हेपेटाइटिस डी का अधिक जोखिम?
हेपेटाइटिस डी का जोखिम उन लोगों को सबसे ज्यादा होता है जो पहले से ही हेपेटाइटिस बी वायरस से संक्रमित हैं। इसके अलावा, कुछ अन्य समूहों में भी इसका खतरा अधिक होता है:
- जो लोग इंजेक्शन के माध्यम से नशीली दवाएं लेते हैं।
- HBV या HDV से संक्रमित व्यक्ति के साथ असुरक्षित यौन संबंध बनाने वाले लोग।
- संक्रमित व्यक्ति के साथ रहने वाले लोग।
- एचआईवी से पीड़ित लोग।
- स्वास्थ्य देखभाल से जुड़े कर्मी।
- हीमोडायलिसिस करा रहे मरीज।
हेपेटाइटिस डी से बचाव और निदान
चूंकि हेपेटाइटिस डी वायरस केवल हेपेटाइटिस बी के साथ ही सक्रिय होता है, इसलिए हेपेटाइटिस बी से बचाव ही हेपेटाइटिस डी से बचाव है। समय पर टीकाकरण, सुरक्षित आदतें और संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाकर इस खतरे से बचा जा सकता है।
HDV संक्रमण की पुष्टि के लिए रक्त परीक्षण किए जाते हैं, जो शरीर में वायरस की मौजूदगी और संक्रमण की स्थिति का पता लगाते हैं। ये टेस्ट आमतौर पर उन लोगों में किए जाते हैं जो पहले से HBV से संक्रमित हैं और जिनमें लक्षण गंभीर या लंबे समय तक बने रहते हैं। इसके अलावा, डॉक्टर लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT), अल्ट्रासाउंड या अन्य इमेजिंग टेस्ट भी करा सकते हैं.