एप्पल का फॉल इवेंट 9 सितंबर को, नए iPhones की होगी लॉन्चिंग की उम्मीद

एप्पल ने ऐलान किया है कि उसका सालाना फॉल इवेंट 9 सितंबर को होगा। इस इवेंट में कंपनी नए iPhones, Apple Watch और अन्य डिवाइस लॉन्च कर सकती है। यह कार्यक्रम कैलिफोर्निया के क्यूपर्टिनो स्थित स्टीव जॉब्स थियेटर में होगा।

कंपनी इस बार अपने प्रोडक्ट्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को और गहराई से जोड़ने पर फोकस करेगी। यही वजह है कि निवेशकों की भी इस इवेंट पर खास नजर रहेगी, क्योंकि उन्हें डर है कि एप्पल कहीं AI की रेस में पीछे न रह जाए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एप्पल इस बार एक पतला iPhone पेश कर सकता है, जिसे संभवतः iPhone Air नाम दिया जाएगा, जैसा कि पहले iPad Air और MacBook Air के साथ किया गया था। इसके अलावा कंपनी नए एंट्री-लेवल और हाई-एंड Apple Watch, अपग्रेडेड iPad Pro और ज्यादा तेज़ Vision Pro हेडसेट भी लॉन्च कर सकती है।

अमेरिका की ट्रंप सरकार के दबाव में एप्पल ने आने वाले चार सालों में अमेरिका में 600 अरब डॉलर का निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी का मकसद ज्यादा नौकरियां पैदा करना और कुछ मैन्युफैक्चरिंग काम वहीं शिफ्ट करना है, ताकि चीन और भारत जैसे प्रोडक्शन हब्स से आने वाले सामान पर लगने वाले टैक्स से बचा जा सके।

जून में एप्पल ने अपने ऑपरेटिंग सिस्टम को भी नया रूप दिया था। इसमें नए AI फीचर्स, सॉफ्टवेयर अपडेट और आइकॉन-मेन्‍यू को “लिक्विड ग्लास” लुक दिया गया।

हालांकि, एप्पल की AI टेक्नोलॉजी अपनाने में देरी की वजह से वह अपने बड़े प्रतिद्वंद्वियों से पीछे रह गया है। इस बीच, सैमसंग, हॉनर और हुआवेई जैसी कंपनियां तेज़ी से नए AI फीचर्स लाकर ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।