उज्जैन की पोहा फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, मशीन की चपेट में आने से महिला कर्मचारी की मौत

उज्जैन की एक पोहा फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर को एक हृदय विदारक घटना में एक महिला कर्मचारी की मौत हो गई. काम करते समय महिला के कपड़े मशीन में फंस गए, जिसके बाद उसके बाल भी चपेट में आ गए. गंभीर रूप से घायल हुई महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

लापरवाही की होगी जांच, फैक्ट्री मालिक फरार

यह हादसा छोटी मायापुरी क्षेत्र में स्थित डायमंड एग्रो पोहा फैक्ट्री में हुआ. मृतक की पहचान 40 वर्षीय रूबीना के रूप में हुई, जो विराट नगर की रहने वाली थी. दोपहर में काम करते वक्त उसके कपड़े अचानक मशीन में उलझ गए. जब तक साथी कर्मचारी उसकी मदद के लिए पहुंचते और मशीन को बंद करते, तब तक रूबीना गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी. उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही चिमनगंज मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मौजूद कर्मचारियों के बयान दर्ज किए. पुलिस का कहना है कि इस मामले में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री मालिक मयंक जैन है, जो घटना के बाद से ही फैक्ट्री में ताला लगाकर गायब हो गया है. चिमनगंज मंडी थाना के टीआई गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है.