भोपाल में NEET की तैयारी कर रहे छात्र पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप

भोपाल (मध्यप्रदेश)। राजधानी भोपाल में 19 वर्षीय युवक, जो NEET की तैयारी कर रहा है, उस पर 14 साल की आठवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोपी ने पीड़िता से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट पर दोस्ती की थी। घटना ऐशबाग थाना क्षेत्र की है।

ऐशबाग थाना प्रभारी वीबीएस सेंगर ने बताया कि आरोपी की पहचान शुजालपुर निवासी अरबाज पठान के रूप में हुई है। फिलहाल वह निशातपुरा में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

स्नैपचैट पर हुई पहचान, कमरे पर बुलाकर दुष्कर्म

पुलिस के अनुसार, आरोपी और नाबालिग के बीच कुछ समय पहले स्नैपचैट के जरिए जान-पहचान हुई थी। 26 अगस्त को आरोपी ने बहाने से लड़की को अपने किराए के कमरे पर बुलाया और वहां कथित रूप से दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

चार दिन चुप रहने के बाद खुला राज़

डर के कारण पीड़िता ने चार दिनों तक यह घटना किसी को नहीं बताई। लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिवार ने पूछताछ की। शनिवार शाम को उसने पूरी बात घरवालों को बताई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस ने बताया कि उसकी तलाश जारी है।