इशिता मल्लिक हत्याकांड: फरार आरोपी के चाचा कुलदीप सिंह गुजरात से गिरफ्तार, सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप

कृष्णनगर (नदिया)। कृष्णनगर पुलिस ने इशिता मल्लिक हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी देशराज सिंह के चाचा कुलदीप सिंह को गुजरात के जामनगर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कुलदीप ने आरोपी देशराज (18) की फरारी में मदद की थी और सबूतों से छेड़छाड़ भी की थी। रविवार को कुलदीप को कृष्णनगर लाया गया और सोमवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।

25 अगस्त को देशराज ने अपनी सहपाठी 18 वर्षीय इशिता मल्लिक को घर में घुसकर नजदीक से गोली मार दी थी। वारदात के समय इशिता की मां और छोटा भाई भी मौजूद थे। आरोप है कि देशराज ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के बाद वह फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद से ही देशराज अपने चाचा कुलदीप के संपर्क में था। अधिकारियों को संदेह है कि कुलदीप को देशराज के छिपने की जगह की जानकारी है।

यूपी से जुड़ा हथियार कनेक्शन

जांच में सामने आया है कि हत्या में इस्तेमाल की गई बंदूक उत्तर प्रदेश से लाई गई थी। पुलिस को शक है कि देशराज के अन्य चाचा देवरिया (उत्तर प्रदेश) में स्थानीय स्तर पर आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।

देशराज वर्तमान में नॉर्थ 24 परगना के कांचरापाड़ा में अपनी मां और बहन के साथ किराए के मकान में रहता था। उसके पिता सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात हैं। पुलिस टीम उसकी तलाश में उत्तर प्रदेश भी गई, लेकिन अभी तक वह गिरफ्त से बाहर है।

कृष्णनगर पुलिस की चार टीमों ने पिछले कुछ दिनों में देवरिया और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। फिलहाल आरोपी देशराज की गिरफ्तारी के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।