भोपाल में क्रिएटर्स समिट 2025: कंटेंट क्रिएटर्स और ब्रांड्स का संगम

भोपाल। डिजिटल युग में कंटेंट क्रिएशन तेजी से करियर का नया विकल्प बन रहा है। इसी ट्रेंड को आगे बढ़ाते हुए भोपाल में ‘भोपाल क्रिएटर्स समिट 2025’ का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के कंटेंट क्रिएटर्स, इंफ्लुएंसर्स और बड़े ब्रांड्स ने भाग लिया।

यह समिट नेटवर्किंग, सहयोग और ब्रांड पिचिंग के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। पैनल डिस्कशन, ब्रांड इंटरैक्शन और क्रिएटर्स की सक्रिय भागीदारी ने इसे एक जीवंत मंच बना दिया।

नई पीढ़ी के लिए कंटेंट क्रिएशन बना करियर का रास्ता

मार्केटिंग कंटेंट क्रिएटर दामिनी त्रिपाठी, जिनके सोशल मीडिया पर 7 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। दामिनी त्रिपाठी ने कहा कि इस तरह के आयोजन क्रिएटर्स को अपने नेटवर्क को मज़बूत करने और नए अवसर तलाशने का मौका देते हैं। उन्होंने बताया कि 2.4 बिलियन डॉलर की इंडस्ट्री में कंटेंट क्रिएशन किसी भी व्यक्ति के लिए अपने पैशन और प्रोफेशन को साथ लेकर चलने का बेहतरीन जरिया है।

फुल-टाइम शेफ और फूड कंटेंट क्रिएटर श्रेयश गुप्ता ने बताया कि ऐसे आयोजन ब्रांड्स तक पहुंच आसान बनाते हैं। “मेरे जैसे क्रिएटर्स को मसाला ब्रांड्स प्रमोशन के लिए अप्रोच करते हैं, जिससे न सिर्फ ब्रांड को पहचान मिलती है बल्कि मुझसे भी नए फॉलोअर्स जुड़ते हैं,”

सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के कंटेंट हेड साकेत झा सौरभ ने कहा कि यह समिट क्रिएटर्स और ब्रांड्स के बीच असली संवाद का मंच बना। उन्होंने जोर देकर कहा कि डिजिटल स्टोरीटेलिंग का भविष्य अब सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भोपाल जैसे शहर भी इस क्रिएटिव वेव के केंद्र बनेंगे।

समिट में फिल्ममेकर, संगीतकार, फ़ोटोग्राफ़र और उद्यमियों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिरकत कर स्थानीय प्रतिभाओं की सराहना की और उन्हें प्रोत्साहित किया।