भोपाल। आयकर विभाग ने मंगलवार को भोपाल, इंदौर और मुंबई सहित कई शहरों में एक साथ बड़ी छापेमारी की। यह ऑपरेशन मुख्य रूप से भोपाल स्थित साइंस हाउस मेडिकल प्राइवेट लिमिटेड (SHMPL) और मेडिकल सर्जिकल उपकरण के कारोबारी राजेश गुप्ता के ठिकानों पर केंद्रित है। कार्रवाई का मकसद टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा करना बताया जा रहा है।
सुबह 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम ने सुबह करीब 5 बजे साइंस हाउस के निदेशक जितेंद्र तिवारी और उनके सहयोगियों—सॉफ्टवेयर इंजीनियर रोहित गुप्ता, कंसल्टेंट दिनेश बारोलिया और शिखा रजोऱिया—के घरों पर दस्तक दी। इसके अलावा टीम ने लालघाटी के पंचवटी पार्क और गौतम नगर स्थित मकानों पर भी छापामारी की है। साइंस हाउस पिछले 30 सालों से मेडिकल उपकरणऔर डायग्नोस्टिक सर्विसेज उपलब्ध कराने का काम करता है और मध्यप्रदेश के साथ-साथ देश के कई शहरों में इसकी सप्लाई होती है।
इसी क्रम में मेडिकल सर्जिकल कारोबारी राजेश गुप्ता के भोपाल स्थित लालघाटी इलाके के बंगले पर भी छापेमारी की गई। यहां भी विभाग ने कई दस्तावेज, मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिए हैं।
कार्रवाई के दौरान घरों और दफ्तरों के बाहर CISF और स्थानीय पुलिस की तैनाती की गई। छापेमारी के दौरान किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। टीम कंपनी और उससे जुड़े लोगों के वित्तीय लेन-देन और जमीन-संपत्ति के दस्तावेजों की जांच कर रही है।
30 से ज्यादा ठिकानों पर छापे
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग ने भोपाल, इंदौर और मुंबई सहित 30 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती कार्रवाई में कई अहम दस्तावेज मिले हैं जिनसे बड़े स्तर पर टैक्स चोरी और वित्तीय गड़बड़ियों का खुलासा होने की संभावना है।
विभाग ने चुप्पी साधी
हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक इस कार्रवाई पर आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह ऑपरेशन लंबे समय से तैयार किया जा रहा था और इसमें कई टीमों को तैनात किया गया है।
इस छापेमारी से प्रदेश के कारोबारी जगत में हलचल मच गई है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इससे जुड़े और नामचीन कारोबारियों व कंपनियों पर भी कार्रवाई का दायरा बढ़ सकता है।