भोपाल में पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या के बाद की खुदकुशी, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस

भोपाल (मध्यप्रदेश): गणेश नगर, मिसरोद में शुक्रवार दोपहर हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हक्का-बक्का कर दिया। यहाँ 34 वर्षीय युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद फाँसी लगाकर जान दे दी। घटना के अगले ही दिन मिसरोद पुलिस ने मृतक पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई महिला की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने के बाद की गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक जीवन आदीवाल (34) मूल रूप से रतलाम जिले के जमुनिया शंकर गांव का रहने वाला था और मिक्सर-ग्राइंडर रिपेयर का काम करता था। वह अपनी पत्नी शोभा (29) और 11 साल के बेटे के साथ रहता था। कुछ समय पहले बेटी की आत्महत्या के बाद दोनों पति-पत्नी अवसाद से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। इसी सिलसिले में वे भोपाल एम्स  में काउंसलिंग के लिए आए थे।

घटना वाले दिन जीवन ने पत्नी शोभा को नहाने के दौरान मदद करने के लिए बुलाया। इस बीच उनका बेटा बाहर अपने चचेरे भाई-बहनों के साथ खेलने चला गया। थोड़ी देर बाद जीवन ने बेटे को पैसे दिए और बाइक लेकर निकल गया। जब बेटा वापस लौटा तो उसने अपनी मां को बाथरूम के पास अचेत अवस्था में पड़ा पाया। पड़ोसी तुरंत अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शाम को जीवन का शव बैगली गाँव में नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। बाइक भी वहीं खड़ी मिली। वाहन नंबर से पुलिस ने परिजनों को तलाशा और इस तरह घटनाक्रम सामने आया।

पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बेटी की आत्महत्या के बाद से ही दंपति की मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी और इलाज के बावजूद वे अवसाद से नहीं उबर पाए। वहीं 14 वर्षीय भतीजे ने भी पुलिस को बताया कि चाचा बाथरूम से निकलकर बाइक पर सवार होकर चले गए थे, जिसके बाद यह दर्दनाक घटनाएँ घटीं।