भोपाल मे 273 करोड़ रुपए बैंक धोखाधड़ी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई

भोपाल: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को दिल्ली और मध्यप्रदेश में कुल 10 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई 273 करोड़ रुपए के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले से जुड़ी है। जांच एजेंसी के मुताबिक, मामला एरा हाउसिंग एंड डेवलपर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (EHDL) और इसके प्रमोटर्स से जुड़ा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी की दिल्ली जोन टीम ने भोपाल समेत जिन ठिकानों पर तलाशी ली, वे कंपनी और उससे जुड़े नजदीकी सहयोगियों से संबंध रखते हैं। यह पूरी कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है।

ईडी की यह जांच सीबीआई की एक एफआईआर पर आधारित है, जिसमें आरोप है कि कंपनी के निदेशकों और प्रमोटर्स ने औद्योगिक वित्त निगम (IFCI) से लिए गए 273 करोड़ रुपए के लोन का गबन किया। जांच में सामने आया है कि यह रकम ईएचडीएल की सहयोगी कंपनियों में ट्रांसफर की गई, जो किसी भी वास्तविक व्यापार गतिविधि में शामिल नहीं थीं।

अधिकारियों का मानना है कि इस गबन से न केवल सार्वजनिक वित्तीय संस्थान को नुकसान हुआ, बल्कि धोखाधड़ी के जरिए अवैध वित्तीय लेन-देन को बढ़ावा भी मिला। फिलहाल ईडी ने कंपनी और उसके निदेशकों से जुड़े कई अहम दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए हैं। आगे की पूछताछ में और खुलासे की संभावना जताई जा रही है।