ग्वालियर शूटआउट: नंदिनी की हत्या से खुला 8 साल पुराना हत्या कांड, बॉयफ्रेंड बदलने और झूठे आरोपों का लंबा खाता 

ग्वालियर: 12 सितंबर को दिनदहाड़े पत्नी नंदिनी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति अरविंद परिहार पुलिस रिमांड पर है। इस बीच नंदिनी का अतीत सामने आया है, जिसने पुलिस और समाज दोनों को चौंका दिया है। दरअसल, नंदिनी का नाम आठ साल पहले दतिया में हुए एक हत्या कांड से भी जुड़ा था, जिसमें उसने अपने प्रेमी की हत्या करवाई थी।

बॉयफ्रेंड की साजिश से मौत

27 अप्रैल 2017 की रात नंदिनी ने अपने प्रेमी निमलेश सेन को जंगल में दरगाह के पास मिलने बुलाया। वहां उसके अन्य तीन प्रेमियों ने मिलकर पत्थर से कुचलकर निमलेश की हत्या कर दी। मौके से भागते समय नंदिनी का दुपट्टा निमलेश के गले में फंसा रह गया। मोबाइल लोकेशन और सबूतों के आधार पर पुलिस ने नंदिनी सहित चार लोगों को आरोपी बनाया। लेकिन 2023 में गवाहों के पलटने से सभी आरोपी बरी हो गए।

निमलेश हेयर कटिंग की दुकान चलाता था और 28 अप्रैल की सुबह उसका खून से लथपथ शव मिला था। नंदिनी और निमलेश की मोबाइल लोकेशन वारदात वाली रात एक ही जगह पाई गई थी और आखिरी कॉल भी नंदिनी का ही था। बाद में उसने कबूल किया कि निमलेश उसे कॉल गर्ल बनाने का दबाव डाल रहा था। इसी कारण उसने नए प्रेमियों संग हत्या की साजिश रची।

निमलेश की हत्या के बाद ग्वालियर गई

झांसी की रहने वाली नंदिनी की शादी दतिया निवासी गोटीराम से हुई थी, जिससे उसे दो बच्चे हुए। पति के दोस्त छोटू से नजदीकियां बढ़ीं और फिर निमलेश से रिश्ता जुड़ा। निमलेश की हत्या के बाद वह ग्वालियर आ गई और 2022 में अरविंद परिहार से आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली।

लेकिन नंदिनी की कहानी यहीं नहीं थमी। 2025 में उसके अंकुश पाठक और कल्ले पंचाल से भी संबंध बन गए। नंदिनी बार-बार बॉयफ्रेंड बदलती और जब मन भर जाता तो उन पर झूठे आरोप लगाकर परेशान करने लगती।

पढ़ी-लिखी न होने के बावजूद कानूनी पेचिदगियों की थी समझ 

पुलिस रिकॉर्ड बताता है कि नंदिनी न केवल नए रिश्ते बनाती थी बल्कि आरोप लगाने और बाद में पलट जाने में भी माहिर थी। 2024 में उसने पति अरविंद पर जानलेवा हमले का केस दर्ज कराया, लेकिन बाद में कोर्ट में बयान बदलकर उसे बरी करा दिया। पुलिस अफसरों का कहना है कि नंदिनी पढ़ी-लिखी न होने के बावजूद बेहद शातिर थी और कानूनी पेचिदगियों का खूब इस्तेमाल करती थी।

बता दें  की 12 सितंबर को पति अरविंद ने दिनदहाड़े नंदिनी पर गोलियां चला दीं। आरोपी कट्टा लहराते हुए लोगों के बीच खड़ा था, जिससे हालात बेहद नाजुक हो गए थे। पड़ाव थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार और सीएसपी नागेंद्र सिंह ने समझदारी से काम लेकर आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया।