पीएम मोदी ने धार में पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखी, मालवा रीजन में 25 हजार नई नौकरियां

धार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को धार में पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखी। इस पार्क से न सिर्फ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे बल्कि नए इन्वेस्टर्स के आने से भैंसोला को भी पीथमपुर और मंडीदीप की तरह औद्योगिक पहचान मिलेगी।

6 बड़ी कंपनियों का 500 एकड़ जमीन पर निवेश

मालवा रीजन (इंदौर और उज्जैन संभाग) में फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल और सोलर सेक्टर से जुड़ी 6 कंपनियां 500 एकड़ जमीन पर उद्योग लगाएंगी। इन निवेशों से लगभग 25 हजार नई नौकरियां सृजित होंगी।

मैकेन इंडिया फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने अकेले ही 2500 करोड़ रुपए का निवेश करने की घोषणा की है। कंपनी देवास के पास सेंट्रल इंडिया का सबसे बड़ा आलू फ्लेक्स और फ्रेंच फ्राइज प्लांट स्थापित करेगी। इस प्रोजेक्ट से करीब 2 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।

अन्य 4 कंपनियों ने विभिन्न जिलों में कुल 20 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने की मंशा जताई है। इनके उद्योगों से लगभग 25 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। ये कंपनियां फूड, टेक्सटाइल, एग्री केमिकल, फूड केमिकल और सोलर सेक्टर में काम करेंगी।

पीथमपुर में खुलेगी देश की पहली साइट्रिक एसिड फैक्ट्री

देश में पहली बार साइट्रिक एसिड उत्पादन की फैक्ट्री मध्यप्रदेश के पीथमपुर में खुलेगी। इंदौर के स्टार्टअप आशा-एसएनआर फूड ने 400 करोड़ रुपए के निवेश से इस यूनिट का प्रस्ताव दिया है। अभी तक साइट्रिक एसिड के लिए भारत चीन और अमेरिका पर निर्भर है।