दुर्ग में ‘नौकरी के नाम पर ठगी’ बनी हत्या की वजह: महिला की गला घोंटकर हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़: दुर्ग जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी के बाद एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। नगपुरा चौकी क्षेत्र में 40 वर्षीय महिला गंगोत्री जांगड़े की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि हत्या का मास्टरमाइंड अब भी फरार है।

ठगी का भांडा फूटने के डर से सुपारी

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका गंगोत्री जांगड़े (40) दो युवकों के संपर्क में थी, जिन्होंने उसे नगर निगम, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य विभागों में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर पिछले 7-8 महीनों में लाखों रुपये ऐंठे थे।

जब गंगोत्री को नौकरी नहीं मिली, तो उसने आरोपियों पर पैसे वापस करने या 20 सितंबर तक साक्षात्कार कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। गंगोत्री की धमकी कि वह पुलिस में शिकायत कर देगी, ठगी करने वाले आरोपियों को नागवार गुजरी। उन्हें डर था कि इससे उनका पूरा ठगी का रैकेट खुल जाएगा। इसी डर से उन्होंने गंगोत्री को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

₹1 लाख की सुपारी और WhatsApp वीडियो कॉल पर प्लानिंग

मुख्य आरोपी (मास्टरमाइंड, फरार) ने अपने साथी निर्भय जांगड़े (19 वर्ष) को गंगोत्री की हत्या के लिए 1 लाख रुपये की सुपारी दी। यह रकम छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में ट्रांसफर की गई थी। हत्या की साजिश WhatsApp वीडियो कॉल पर रची गई, जिसमें मुख्य आरोपी, निर्भय जांगड़े और हेमलता बंजारे (38 वर्ष) शामिल थे।

वारदात का तरीका और पहचान छिपाने की क्रूरता

19 सितंबर की रात, मुख्य आरोपी ने गंगोत्री को ढाबे में खाना खाने के बहाने बुलाया। निर्भय और उसका एक साथी बाइक पर गंगोत्री को टेमरी गांव ले गए। वहां उन्होंने बेल्ट और चुनरी से गला घोंटकर गंगोत्री की हत्या कर दी। हत्या के बाद, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए गंगोत्री के चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया। आरोपियों ने गंगोत्री के जेवर उतार लिए, लेकिन आर्टिफिशियल होने पर उन्हें पर्स सहित फेंक दिया। इसके बाद, दोनों आरोपी बाफना टोल प्लाजा के पास एक ढाबे में खाना खाने गए और फिर लौट आए।

6 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 19 वर्षीय निर्भय जांगड़े, जयदीप साहू, मनीष बंजारे, 18 वर्षीय पवन कुमार सिंह, 38 वर्षीय हेमलता बंजारे और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

पुलिस अब ठगी और हत्या के इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।