महाकाल मंदिर दर्शन: प्रोटोकॉल से दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू

उज्जैन: श्री महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन में प्रोटोकॉल दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही एक नई ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इस कदम से दर्शनार्थियों को अब पारंपरिक टोकन नंबर लेने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी और सरल बनेगी।

मंदिर प्रबंध समिति ने यह नई व्यवस्था भस्म आरती की बुकिंग प्रक्रिया की तर्ज पर तैयार की है।

मोबाइल पर मिलेगी लिंक, ऐसे होगी स्लॉट बुकिंग

प्रशासक प्रथम कौशिक ने नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया प्रोटोकॉल के माध्यम से दर्शन के इच्छुक श्रद्धालुओं को अपना विवरण दर्ज कराना होगा। विवरण दर्ज होने के बाद उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक लिंक प्राप्त होगी। श्रद्धालु इस लिंक पर क्लिक करके ₹250 का निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करेंगे। भुगतान सफल होने पर, उन्हें दर्शन के लिए तिथि और समय स्लॉट आवंटित किया जाएगा, जिसकी सूचना भी उन्हें मोबाइल पर प्राप्त होगी।

मंदिर समिति का मानना है कि इस कदम से प्रोटोकॉल दर्शन प्रणाली में हो रही अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा और प्रत्येक बुकिंग का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा।

पुरानी व्यवस्था में थीं ये शिकायतें

पुरानी व्यवस्था में नंदी हॉल से प्रोटोकॉल दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को प्रोटोकॉल अधिकारी के मोबाइल पर नाम और नंबर देने होते थे। अधिकारी टोकन नंबर भेजते थे, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रोटोकॉल ऑफिस जाकर प्रति व्यक्ति ₹250 की रसीद कटानी पड़ती थी। इस टोकन प्रणाली में मिल रही शिकायतों के कारण व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे थे।

नई लिंक-आधारित प्रणाली पूरी प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह बनाएगी।