“अवैध निर्माण पर बुलडोजर का कहर: संभल के मदरसा और बारात घर जमींदोज, इलाका छावनी में तब्दील!”

संभल जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बुलडोजर चलाया है। कई एकड़ भूमि पर बने इस निर्माण में मदरसा और बारात घर संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध से बचने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, माहौल को शांतिपूर्ण रखने के लिए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया और लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज

संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि जिले में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह निर्माण तालाब की जमीन पर बनाया गया था, जिसमें एक बड़ा मैरिज पैलेस शामिल था। तहसीलदार ने 30 दिन पहले इसे हटाने का आदेश दिया था, लेकिन इस अवधि में कोई अपील दायर नहीं की गई। इसलिए, अब इस अवैध निर्माण को ध्वस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “कोर्ट में सभी पक्षों की सुनवाई के बाद तहसीलदार ने आदेश जारी किया था। हम उसी के आधार पर कार्रवाई कर रहे हैं। सभी का मानना है कि अवैध निर्माण को हटाया जाना चाहिए।

प्रशासन ने लिया सख्त कदम

संभल के पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई ने बताया कि असमोली थाना क्षेत्र के राय बुजुर्ग गांव में तालाब और खाद के गड्ढों के लिए आरक्षित जमीन पर यह अवैध निर्माण किया गया था। इसे हटाने के लिए 30 दिन का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया। इसलिए, प्रशासन ने स्वयं इसे ध्वस्त करने का निर्णय लिया। यह निर्माण कई एकड़ में फैला था और इसका उपयोग मदरसा और बारात घर के रूप में किया जा रहा था।