हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में दशहरा के दिन एक दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसमें नैनाटिक्कर-ढंगयार मार्ग पर किला कलाच के समीप एक कार गहरी खाई में गिर गई। यह कार सोलन जिले के अर्की उपमंडल के घेणा भूमती गांव से बारात लेकर पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के ढंगयार जा रही थी। हादसे में दो लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को सुल्तानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया
घायलों को तुरंत उपचार के लिए एमएमयू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सुल्तानपुर ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9 बजे कार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जयदेव और केशव की स्थिति गंभीर
हादसे में वीरेंद्र और लीला दत्त की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि चालक केशव, जयदेव और कमलचंद को गंभीर चोटें आईं। इनमें जयदेव और केशव की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। पच्छाद थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि कार के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ।