झालावाड़/चंडीगढ़: झालावाड़ और चंडीगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में झालरापाटन शहर से नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने झालरापाटन के एक किराए के मकान से ₹12 लाख 20 हजार के नकली नोट बरामद किए हैं और पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी अपने गिरोह के सदस्यों को कूरियर के माध्यम से नकली नोट सप्लाई करते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उज्जैन निवासी रजनी शर्मा (37) और उसके पति जितेंद्र शर्मा (40) के रूप में हुई है, जो पिछले 5 महीने से झालरापाटन के चंद्रावती ग्रोथ सेंटर में किराए के कमरे में रह रहे थे।
चंडीगढ़ में हुई गिरफ्तारी से खुला राज
झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया कि इस मामले का खुलासा 29 सितंबर को हुआ। चंडीगढ़ क्राइम पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से ₹10 लाख 19 हजार के नकली नोट बरामद किए थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से मिले 500 रुपये के नोटों की संख्या 2038 थी। जांच के दौरान सामने आया कि ये नकली नोट उन्हें कूरियर से मिले थे, जिसका भेजने का स्थान झालावाड़ और भेजने वाले का नाम बकानी लिखा हुआ था।
इस सूचना पर, चंडीगढ़ पुलिस ने झालावाड़ पुलिस से संपर्क किया और आगे की जांच के लिए एक संयुक्त टीम झालरापाटन पहुँची।
100 CCTV फुटेज खंगालकर हुई पहचान
चंडीगढ़ और झालावाड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने कूरियर बुक कराने के समय के आधार पर इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज में रजनी शर्मा की पहचान हुई।
बुधवार देर शाम को संयुक्त टीम ने रजनी और जितेंद्र शर्मा के किराए के मकान पर छापा मारा। छापे के दौरान पुलिस ने ₹12 लाख 20 हजार के नकली नोट के साथ-साथ नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाला लैपटॉप, कलर प्रिंटर, कटर, पेपर, स्याही और स्क्रीन फ्रेम इमेजर जब्त किया।
सामान जब्त करने के बाद दोनों पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की विस्तृत जाँच के लिए चंडीगढ़ पुलिस गिरफ्तार आरोपियों और जब्त किए गए सामान को अपने साथ चंडीगढ़ ले गई है।