मध्यप्रदेश के कटनी जिले में रीठी थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव में दशहरा पर्व के दिन एक दुखद हादसा हुआ, जिसमें दो सगे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना ने गांव में शोक की लहर दौड़ा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, छोटा बरहटा, रीठी के रहने वाले सुशील पटेल के बेटे शिवांश लोधी (8 वर्ष) और देवांश लोधी (10 वर्ष) दशहरा मनाने के लिए अपने मामा के गांव भरतपुर आए थे। सुबह करीब 11 बजे दोनों भाई गांव के अन्य बच्चों के साथ बाराती तालाब में नहाने गए। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
आसपास मौजूद लोगों को बच्चों ने इसकी सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में खोज शुरू की और पुलिस को भी जानकारी दी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को तालाब से निकाला और तत्काल रीठी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।इस हृदयविदारक घटना से भरतपुर और बरहटा गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।