MP में लगेंगे असमिया उद्योग, भूटानी प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे CM यादव

भोपाल, ब्यूरो: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को असम की राजधानी गुवाहाटी में पूर्वोत्तर राज्यों के उद्योग प्रतिनिधियों से निवेश पर सीधी चर्चा करेंगे। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता और कोयम्बटूर जैसे शहरों के बाद पहली बार मप्र सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र में पहुंची है। डॉ. यादव भूटान के प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे। सीएम ने रविवार को कहा मां कामाख्या देवी की कृपा भूमि असम राज्य के गुवाहाटी में आज हमारे हृदय के अत्यंत निकट पूर्वोत्तर भारत के उद्योगपति एवं निवेशकबंधुओं के साथ मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों और संभावनाओं पर संवाद करूंगा। यह प्रवास न केवल असम, बल्कि समूचे पूर्वोत्तर भारत के साथ औद्योगिक सहयोग और साझेदारी के संकल्पों को नई गति देगा। साथ ही, हमारे बीच सांस्कृतिक रिश्तों को और प्रगाढ़ करेगा।

रविवार के आयोजन में असम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के उद्योग प्रतिनिधियों के अलावा रॉयल भूटान कॉन्सुलेट के काउंसिल जनरल जिग्मे थिनायल नामग्याल भी मौजूद होंगे। मप्र आयोजन में एग्रो और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर, टेक्सटाइल्स और अपैरल सेक्टर राज्य की परंपरागत और आधुनिक क्षमता के अलावा फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में प्रदेश की ताकत-निवेशकों को कच्चे माल, अनुसंधान और विकास और उत्पादन की क्षमता को निवेशकों के सामने रखेगा।

सीएम ने काजीरंगा जाकर देखा हाथियों का प्रबंधन

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि असम की तरह मप्र में भी हाथियों की अच्छी तादाद है। इसलिए उन्होंने काजीरंगा नेशनल पार्क जाकर वहां हाथियों का प्रबंधन देखा। उन्होंने राष्ट्रीय उद्यान में हाथियों को स्नेह से गन्ना खिलाया और नेशनल पार्क में अजगर छोड़ा।