सैक्रामेंटो, कैलिफ़ोर्निया में मंगलवार, 7 अक्टूबर को एक बड़ा हादसा हो गया। एक मेडिकल हेलीकॉप्टर राजमार्ग पर असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हादसे का वीडियो
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हेलीकॉप्टर से धुआं उठता नजर आ रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि आसपास कई वाहन रुके हुए हैं और लोग मदद के लिए दौड़ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह हेलीकॉप्टर बच्चों के अस्पताल से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद राजमार्ग पर क्रैश हो गया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में हेलीकॉप्टर को हाईवे के पास अनियंत्रित होकर घूमते और फिर नीचे गिरते देखा जा सकता है। उस समय आसपास कई कारें और अन्य वाहन मौजूद थे। हादसे के बाद की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही हैं, जिनमें हेलीकॉप्टर के क्षतिग्रस्त हिस्से और हादसे का दृश्य स्पष्ट दिखाई दे रहा है।