जेपी में अव्यवस्था…घटिया क्वालिटी का खाना और गंदगी पर नोटिस

खाने के सैंपल फूड लैब भेजे, जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

 प्रदेश टुडे संवाददाता, भोपाल: राजधानी के जिला अस्पताल जेपी मे अव्यवस्थाओं का आलम है। सिविल सर्जन रिटायर हो चुके हैं। ऐसे में सिविल सर्जन का प्रभार सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा के पास है। इस दौरान वह तीन से चार दफा अस्पताल का निरीक्षण कर चुके हैं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में घटिया भोजन और साफ-सफाई की कमी देखी गई है, जिसके कारण मरीजों और उनके परिजनों में असंतोष है। अस्पताल में खुले में खाने-पीने की चीजें पड़ी हुई पाई गईं, गुटखा-तंबाकू के कारण गंदगी फैली हुई है और बच्चा वार्ड के पास के वॉशरूम की हालत भी खराब है। इन अव्यवस्थाओं को लेकर मरीजों और उनके तीमारदारों ने शिकायत की है, जिसके बाद सफाई कंपनी को भी नोटिस जारी किया है

 खाने की क्वालिटी की रिपोर्ट का इंतजार 

 सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने चार्ज लेने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल मरीजों को बांट रहे घटिया क्वालिटी केखाने की की पोल खोल दी। दरअसल ओपीडी और किचन में खाद्य सामग्री की खराब क्वालिटी देखकर उन्होंने तुरंत फूड सेफ्टी ऑफिसर को बुलाया और मौके पर ही फूड सैंपल दिलवाए। अव्यवस्था के लिए किचन कॉन्ट्रैक्टर  को नोटिस थमाया गया। डॉ. शर्मा ने कहा कि मरीजों को गंदगी और खराब खाना किसी भी हालत में नहीं दिया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।