भोपाल, ब्यूरो: मध्यप्रदेश में महिलाओं की धनतेरस आज ही मन गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज श्योपुर जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख 86 हजार लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1541 करोड़ रुपये की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे। मुख्यमंत्री श्योपुर मेला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 98.87 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और 460.40 करोड़ रुपये के निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को 30 करोड़ 12 लाख रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट राशि का चेक सौंपेंगे।ॉ
संबल सहित इन योजनाओं की राशि भी वितरित
मुख्यमंत्री दुधारू गाय प्रतियोगिता पुरस्कार योजना, आचार्य विद्यासागर गौ-संवर्धन योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत नि:शुल्क उपचार योजना, मुख्यमंत्री कल्याण विवाह सहायता योजना, दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे।
किसानों में ‘भावांतर’ का उत्साह, MP को धन्यवाद
दूसरी ओर, प्रदेश में भावांतर योजना को लेकर किसानों का उत्साह अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। इस योजना की घोषणा के बाद किसान मुख्यमंत्री का आभार जता रहे हैं। प्रदेश के कई स्थानों पर रविवार को किसान ट्रैक्टर रैली निकालकर सीएम का आभार जताया। इंदौर और उज्जैन में इस सिलसिले में आज बड़ी ट्रैक्टर रैली निकाली जा रही हैं। इंदौर के देपालपुर में बीजेपी विधायक मनोज पटेल के नेतृत्व में किसानों ने रविवार को सोयाबीन भावांतर आभार ट्रैक्टर रैली निकालकर सीएम मोहन यादव का धन्यवाद दिया। रैली में सैकड़ों ट्रैक्टर पर किसान शामिल हो रहे हैं, जो कलेक्ट्रेट तक पहुंचे। रैली को सीएम डॉ मोहन यादव ने भी वर्चुअल संबोधित किया। इससे पहले बुधवार को ग्रामीण भाजपा भी भावांतर के लिए धन्यवाद रैली निकाल चुकी है।