3 सप्ताह पहले शुरू हुआ सर्दी का सीजन, अक्टूबर में ही ठंडक अहसास

भोपाल: इस बार प्रदेश सहित राजधानी में अच्छी बारिश के बाद दो से तीन सप्ताह पहले सर्दी ने भी दस्तक दे दी है। गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। गौरतलब है कि आमतौर पर इस तरह की सर्दी का दौर अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में शुरू होता है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है। विंड पैटर्न भी उत्तर पश्चिमी होने लगा है। इसलिए सर्दी का सीजन दो से तीन सप्ताह पहले शुरू हो गया। ऐसे में सीजन लंबा हो सकता है। पिछले छह दिनों से लगातार न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है।

18 साल बाद अक्टूबर के पहले पखवाड़े में सर्द रात: मौसम में बदलाव के चलते 18 साल बाद अक्टूबर के पहले पखवाड़े में इतनी सर्द रात रही। सोमवार को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके पहले 14 अक्टूबर 2007 में न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री था। अभी हवा का रुख उत्तर पश्चिमी हैं, ऐसे में दीपावली के आसपास भी ठंडक रहेगी। इस बार बारिश की स्थिति सामान्य रही। सीजन में लगभग 2 इंच कम बारिश हुई है। जो पिछले साल के मुकाबले 21 इंच कम थी। इस साल सीजन में 1022 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 1075.2 मिमी बारिश होना चाहिए। इसी तरह 2024 में भी पूरे सीजन में 1558 मिमी बारिश हुई थी।