भोपाल ईस्टर्न बायपास पर स्थित सूखी सेवनिया रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पास बने आउटर रिंग रोड की सड़क में मुख्य सचिव अनुराग जैन दखल के बाद अब एमपीआरडीसी विभाग में हड़कंप मच गया है। पहली बार किसी रोड के मामले में सीएस ने रिपोर्ट मांगी है। इससे पहले एक तरफ की रिटेनिंग वाल क्षतिग्रस्त होने से करीब 100 मीटर सड़क बीस फीट धंस गई थी। उसके बाद विभाग के अधिकारी आनन फानन में एक्शन में आए और सबसे पहले वहां पर बैरीकेटिंग की। इस सड़क की 10 दिन में मरम्मत भी की जानी है।
एमपीआरडीसी की ओर से इस मामले की जांच के लिये बनी टीम ने वहां पहुंच कर मिट्टी और निर्माण सामग्री के नमूने लिए। करीब दो घंटे तक पूरे हिस्से का निरीक्षण किया गया। नमूनों की जांच में यह देखा जाएगा कि निर्माण सामग्री में कोई कमी या दोष तो नहीं था। शासन ने टीम को सात दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। यहां पर मरम्मत का काम शुरू करने से पहले बेस का सैंपल लिया गया ताकि उसको जांच के लिए पीडब्ल्यूडी की लैब में भेजा जाए।