नरबलि की आशंका से दहला टीकमगढ़: युवक की गला रेतकर हत्या, चबूतरे पर मिला सिर

नरबलि

Narbali Case Tikamgrah: टीकमगढ़ जिले के चंदेरा थाना क्षेत्र स्थित विजयपुर गांव में नरबलि का रोंगटे खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक देव स्थान पर आशंका है कि तंत्र-मंत्र के तहत युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों ने बाबा गोड देवस्थान के चबूतरे पर एक युवक का कटा हुआ सिर देखा। कुछ दूरी पर उसका धड़ और पूजा पाठ की सामग्री में निंबु, नारियल आदि पड़ा मिला। 

1 दिन पहले हुई पिता की मौत

मृतक की पहचान विजयपुर गांव निवासी अखिलेश कुशवाहा (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने खेत के पास बने घर में पिता भोला कुशवाहा, मां और दो छोटे भाईयों के साथ रहता था। बताया गया है कि अखिलेश के पिता की मौत ठीक एक दिन पहले ही हुई थी। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है।

घर से महज 500 मीटर की दूरी पर मिला शव

देवस्थान से मृतक का घर मात्र 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। ग्रामीणों का कहना है कि यह हत्या तांत्रिक अनुष्ठान के लिए नरबलि के तहत की गई हो सकती है। घटना स्थल पर झंडा, पूजन पाठ और तंत्र-मंत्र के संकेत भी मिले हैं, जिससे आशंका और गहराई है।

पुलिस कर रही मामले की जाँच

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने कहा, “ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर नरबलि की आशंका जताई गई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।” ऐसे में यह घटना अंधविश्वास की भयावह सच्चाई को भी उजागर करती है, जहां आज भी तंत्र-मंत्र के नाम पर इंसानों की बलि दी जा रही है। पुलिस अब इस हत्याकांड के पीछे के तांत्रिक कोण और संभावित आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।