Panchayat Season 5 announced: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के दीवानों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। अभी दर्शक ‘पंचायत सीजन 4’ का आनंद ले ही रहे थे कि मेकर्स ने उन्हें एक और शानदार सरप्राइज दे दिया है। अमेजन प्राइम वीडियोज़ ने आधिकारिक तौर पर ‘पंचायत 5’ की घोषणा कर दी है, साथ ही यह भी बता दिया है कि यह बहुप्रतीक्षित नया सीजन कब और किस प्लेटफॉर्म पर दर्शकों के सामने आएगा। प्राइम वीडियो इंडिया ने अपने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर यह जानकारी साझा करते हुए फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है।
‘पंचायत 5’ की रिलीज़ डेट और नया पोस्टर
प्राइम वीडियोज़ ने ‘पंचायत’ का एक आकर्षक पोस्टर साझा किया इस घोषणा के साथ यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि शो का नया सीजन साल 2026 में ही रिलीज़ होगा। साझा किए गए पोस्टर में सीरीज के लोकप्रिय किरदारों को एक साथ देखा जा सकता है। पोस्टर में विनोद कुर्सी पर बैठे हैं, जिसे बनराकस और विकास मिलकर उठा रहे हैं। वहीं, मंजू देवी, सचिव अभिषेक त्रिपाठी, रिंकी, बृज भूषण, प्रहलाद पांडे और क्रांति देवी सभी एक साथ पोज देते हुए नज़र आ रहे हैं। यह पोस्टर ही नए सीजन की दिलचस्प कहानी का संकेत दे रहा है।
‘पंचायत’ का बेजोड़ सफर और चौथा सीजन
‘पंचायत’ सीरीज ने अपनी अनूठी कहानी, यथार्थवादी चित्रण और शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई है। इसके अब तक चार सीजन आ चुके हैं और हर सीजन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। शो की सरल लेकिन प्रभावशाली कहानी और किरदारों की जीवंतता को खूब पसंद किया गया है।
चौथा सीजन, जो 24 जून को रिलीज़ हुआ था, कई नए मोड़ लेकर आया है। इस बार शो में पंचायत चुनावों का माहौल दिखाया गया, जिसमें क्रांति देवी और मंजू देवी एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में थीं। दोनों ही पार्टियों ने जीत के लिए कड़ी मेहनत की, लेकिन इस बार मंजू देवी को हार का सामना करना पड़ा और क्रांति देवी ने चुनाव जीत लिया। वहीं, सचिव अभिषेक त्रिपाठी ने CAT की परीक्षा पास कर ली है, जिससे यह साफ हो गया है कि वह अब फुलेरा गांव में केवल 3-4 महीने के ही मेहमान हैं। अब क्रांति देवी नई प्रधान के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगी।
इसके अलावा, चौथे सीजन में रिंकी और अभिषेक के बीच की लव स्टोरी ने भी रफ्तार पकड़ ली है, जिससे फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। नए सीजन में इन दोनों के रिश्ते में और क्या-क्या मोड़ आएंगे, यह देखना दिलचस्प होगा। ‘पंचायत 5’ के ऐलान के बाद से फैंस में जबरदस्त उत्साह है, और वे फुलेरा गांव के इन किरदारों के साथ एक बार फिर जुड़ने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।