अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मतभेद के बीच टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने अमेरिका पार्टी नाम से नई राजनीतिक पार्टी बनाने का एलान किया है। इस बार पर राष्ट्रपति ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप ने इसे बेवकूफी भरा कदम बताते हुए कहा कि अमेरिका में दो दलों की परंपरा रही है। इसमें अब और तीसरी पार्टी बनाना सिर्फ भ्रम फैलाएगा। ट्रंप ने कहा कि हमने रिपब्लिकन पार्टी के साथ जबरदस्त सफलता हासिल की है।
यह हमेशा से दो पार्टी वाला सिस्टम रहा है। कोई तीसरी पार्टी शुरू करता है तो सिर्फ उलझन होती है। मस्क इसे मजे के लिए कर सकते हैं, लेकिन यह कदम मुझे धोखा लगता है। बता दें कि एलन मस्क की तरफ से नई पार्टी बनाने की यह घोषणा ऐसे समय पर आई है जब अमेरिका में 2026 के चुनावों को लेकर सरगर्मियां बढ़ रही हैं और देश की राजनीति में ध्रुवीकरण तेज हो गया है।
शनिवार को मस्क ने कई सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था की तीखी आलोचना की और कहा कि ‘हम एक पार्टी व्यवस्था में रहते हैं, लोकतंत्र में नहीं। मस्क ने रिपब्लिकन पार्टी और डेमोक्रेटिक पार्टी पर निशाना साधते हुए लिखा कि हमने लाल को देखा, नीले को देखा, लेकिन अब अमेरिका कुछ नए के तैयार है, जो असल में काम करे। अमेरिका पार्टी- अब मध्यम वर्ग की भी आवाज होगी।
मस्क ने एक पोस्ट में लिखा कि ‘शांत रह कर वोट करने वाला वर्ग अब शांत नहीं रहा है। यही वो पल है, जब सबकुछ बदल जाएगा। अमेरिका पार्टी अब आ गई है, ये उस व्यवस्था को जवाब है, जिसने लोगों की बात सुनना बंद कर दिया है।’
ईरान और गाजा पर बड़े समझौते के संकेत
इसके साथ ही ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय मसले, जैसे ईरान, इजराइल और गाजा संघर्ष मामले पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस समय इजराइल के साथ मिलकर कई अहम मुद्दों पर काम कर रहा है, जिनमें गाजा संकट और ईरान से संभावित स्थायी समझौता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हम गाजा को लेकर एक समझौते के बहुत करीब हैं। यह समझौता इसी हफ्ते हो सकता है। साथ ही हम ईरान के साथ भी एक स्थायी डील पर विचार कर रहे हैं।