India Vs England Third Test Series: एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 1-1 की बराबरी पर है। भारत ने बर्मिंघम टेस्ट को 336 रन से जीतकर वापसी की। इससे पहले भारत को लीड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने 5 विकेट से हराया था। 5 मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला लॉर्ड्स में 10 से 14 जुलाई तक खेला जाएगा। इस मैदान की पिच आमतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार होती है, लेकिन पिछले महीने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के आखिरी तीन दिन बैटर्स को भी मदद मिली थी।
भारतीय बैटिंग आॅर्डर में बदलाव की गुंजाइश न के बराबर है। सीरीज में चार भारतीय बल्लेबाज 200 से ज्यादा रन बना चुके हैं। ओपनर्स अच्छी शुरूआत दे रहे हैं। पिछले दो मैचों में भारत की ओपनिंग जोड़ी 456 रन बना चुकी हैं। यशस्वी जायसवाल ने एक शतक और एक फिफ्टी के सहारे 220 रन बनाए हैं, जबकि केएल राहुल ने 236 रन बनाए हैं। इन दोनों के अलावा, कप्तान शुभमन गिल 3 शतक के सहारे 585 रन बनाकर सीरीज के टॉप स्कोरर हैं। उप कप्तान ऋषभ पंत ने दो शतक सहित 342 रन बनाए हैं। रवींद्र जडेजा ने बर्मिंघम टेस्ट की पहली पारी में 89 और नाबाद 69 रन बनाए थे। वॉशिंगटन सुंदर ने 42 रन बनाए थे। हळउ फाइनल में लॉर्ड्स की पिच का बिहेवियर देखते हुए स्पिन आॅलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की जगह शार्दुल ठाकुर को मौका दिया जा सकता है। पिछला मैच जीतने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने लॉर्ड्स टेस्ट में जसप्रीत बुमराह के खेलने की पुष्टि की है। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा की जगह लाया जा सकता है। प्रसिद्ध पिछले मैच में 111 रन देकर एक भी विकेट ही ले सके थे। मोहम्मद सिराज दूसरे और आकाश दीप तीसरे पेसर होंगे। शार्दुल ठाकुर 5वें पेसर होंगे। इंग्लैंड की टीम से आर्चर-एटकिंसन खेल सकते हैं।
इंग्लैंड को गिल का जवाब ढूंढना होगा: मार्क बुचर
शुभमन गिल के तकनीकी रूप से मजबूत खेल और शांत स्वभाव ने इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज मार्क बुचर पर काफी प्रभाव डाला है जिनका मानना है कि भारतीय टेस्ट कप्तान ने काफी समीक्षा के बावजूद विराट कोहली के चौथे नंबर के स्थान को आसानी से अपने नाम कर लिया है। बुचर ने कहा, तकनीकी रूप से उन्होंने बहुत ही खूबसूरती से खेला है। वह पहले ही सीरीज में लगभग 600 रन बना चुके हैं। यह एक अविश्वसनीय शुरुआत रही है। उन्होंने भारत के कमजोर निचले क्रम का जिक्र करते हुए कहा, और इंग्लैंड को मध्य क्रम में उनका तोड़ ढूंढना होगा क्योंकि जब आप शुरुआती तीन या चार बल्लेबाजों को आउट कर देते है तो निचले क्रम को समेटना थोड़ा आसान हो जाता है।
आर्चर, एटकिंसन की वापसी से उत्साहित इंग्लैंड की टीम ने तेज गेंदबाजों की मददगार पिच की मांग की
भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में 336 रनों से मिली करारी शिकस्त से आहत इंग्लेंड ने तीसरे टेस्ट मैच के लिए तेज गेंदबाजों की मददगार पिच की मांग की है। इंग्लैंड की एकादश में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी लगभग तय है जबकि गस एटकिंसन की भी टीम में वापसी हुई है। इंग्लैंड के कोच ब्रैंडन मैकुलम ने कहा कि वह एमसीसी के मुख्य ग्राउंड्समैन कार्ल मैक्डरमॉट से ‘थोड़ी अधिक गति, उछाल और स्विंग’ वाली पिच चाहते हैं। मैकुलम ने कहा, यह किसी भी तरह से एक ब्लॉकबस्टर होगा। मुझे लगता है कि अगर पिच से तेज गेंदबाजों को मदद मिली तो यह एक शानदार मैच होगा। इंग्लैंड ने इससे पहले अपनी आक्रामक खेल शैली के अनुकूल सपाट पिचों को प्राथमिकता दी थी। टीम को लीड्स में अधिक उछाल वाली पिच पर खेले गये पहले टेस्ट में पांच विकेट से जीत मिली, तो वहीं एजबेस्टन की ‘उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों’ में उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। आर्चर ने दूसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड के साथ अभ्यास किया। मैकुलम ने कहा, वह निश्चित रूप से चयन के लिए उपलब्ध होगा। मैकुलम ने कहा, हमें एटंिकसन के चोट से उबरने पर नजर रखने की जरूरत है।