खंडेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनते ही मंडलों की कार्यकारिणी बनना शुरू

Forming the executive committee: प्रदेश भाजपा के पौने दो सौ से ज्यादा मंडलों में कार्यकारिणी बनाए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। संगठन पर्व के दौरान पूरे मंडलों में कार्यकारिणी नहीं बन सकी थी, अब नए प्रदेश अध्यक्ष के चुने जाने के बाद अब उन मंडलों में कार्यकारिणी बनाई जा रही है, जिनमें अब तक इसका गठन नहीं हुआ था। ऐसी करीब दो सौ मंडल हैं। अब इन सभी में तेजी से प्रक्रिया चल रही है।

प्रदेश अध्यक्ष का जिस दिन चुनाव हुआ था उस दिन तक प्रदेश भाजपा 1101 मंडलों में कार्यकारिणी बन चुकी थी। जबकि प्रदेश में भाजपा संगठन में 1313 मंडल हैं। यानि 212 मंडलों में कार्यकारिणी बनाई जाना थी। पूर्व में इनमें से कुछ मंडलों में कार्यकारिणी बनाए जाने को लेकर कई तरह की शिकायतें आई थी, इसलिए संगठन पर्व के दौरान इनमें कार्यकारिणी का गठन नहीं हो सका था।

अब नए प्रदेश अध्यक्ष मिलने के बाद मंडलों में कार्यकारिणी बनाए जाने का सिलसिला तेज हो गया, पिछले पांच दिनों में करीब 25 मंडलों में कार्यकारिणी का गठन हो गया है। वहीं ऐसा माना जा रहा है कि इस महीने के अंत तक प्रदेश के सभी 1313 मंडलों में पार्टी अपनी कार्यकारिणी का गठन कर लेगी।

दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले सीएम और प्रदेश भाजपाध्यक्ष

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मंगलवार को दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से सौजन्य भेंट की।