मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने दुबई दौरे के तीसरे और अंतिम दिन गुरुवार को भारत मार्ट का दौरा करेंगे। यह मार्ट भारतीय एमएसएमई उत्पादों के वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने वाला एक प्रमुख मंच है। मुख्यमंत्री इस अवसर पर मध्यप्रदेश को अंतरराष्ट्रीय व्यापार नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाओं पर मंथन करेंगे। इस दौरान भारतीय लघु, मध्यम एवं कुटीर उद्योगों (एमएसएमई) को वैश्विक मंच दिलाने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विचार-विमर्श करेंगे। डॉ. यादव की दुबई यात्रा के दौरान प्रमुख लॉजिस्टिक्स कंपनी डीपी वर्ल्ड के प्रतिनिधियों से भी उनकी मुलाकात प्रस्तावित है। इस बैठक में मध्यप्रदेश को लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने और निवेश आकर्षित करने को लेकर संवाद होगा।
मुख्यमंत्री दुबई दौरा संपन्न करने के पश्चात स्पेन जाएंगे। उनका दौरा 19 जुलाई तक चलेगा, जिसके दौरान वे स्पेन की राजधानी मैड्रिड में कई अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। यात्रा के दौरान डॉ. यादव वैश्विक निवेशकों के साथ मध्यप्रदेश में निवेश, तकनीकी सहयोग और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श करेंगे। यह दौरा ग्लोबल डायलॉग 2025 पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य राज्य में औद्योगिक विकास को गति देना और प्रदेश को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। सीएम की यह विदेश यात्रा प्रदेश में निवेश को आमंत्रित करने, उच्च तकनीकियों को अपनाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम मानी जा रही है।
कई बड़ी कंपनियां करेंगी एमपी में निवेश
आने वाले दिनों में दुबई की कई कंपनियां मध्यप्रदेश में निवेश करेंगी। कई दिग्गज कंपनियों ने मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। इसमें यहां रह रहे भारतवंशी भी शामिल हैं जिन्होंने सरकार को निवेश प्रस्ताव दिए हैं।
दुबई में भारत के मसालों की महक और व्यंजन का लाभ लेने का भी अवसर मिला इसकी कोई तुलना नहीं है। अब मेट्रो और बुलेट ट्रेन दुबई की पहचान है। धन दौलत के साथ मन का प्रेम भी महत्वपूर्ण है। यहां बसे भारतीयों से ऐसा ही स्नेह मिला। दुबई पर ईश्वर का विशेष आशीर्वाद भी देखने को मिलता है। उद्योगपतियों के आगे बढ़ने के पीछे भारतीय संस्कृति और खान-पान की बड़ी भूमिका है। मध्यप्रदेश के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। राज्य सरकार दीर्घकालिक प्रगति के उद्देश्य से कार्य कर रही है।