प्रदेश में आज से नशे के खिलाफ पुलिस ने शुरू की मुहिम, 15 दिन चलेगा ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान

Drug Free Campaign in MP: मध्य प्रदेश में नशे के खिलाफ मंगलवार से प्रदेश पुलिस का व्यापक अभियान शुरू हो गया है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने इस अभियान का शुभारंभ किया। इसके अभियान के तहत जहां नशे का कारोबार करने वालों पर नकेल कसी जाएगी, वहीं नशे के आदि लोगों को नशे की लत से छुटकारा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे, लोगों को नशे के खिलाफ जागरुक किया जाएगा। इस संबंध में प्रदेश भर के सभी जिलों में जागरुकता रथ रवाना किए जा रहे हैं। साइकिल रैली आदि के माध्यम से भी जागरुकता फैलाने का काम किया जा रहा है। इस अभियान को लेकर डीजीपी कैलाश मकवाना ने कहा कि ड्रग्स शब्द सुनते ही दिमाग में कई दृश्य उभरते हैं। मादक पदार्थो के सेवन की लत कई युवाओं को खोखला कर उनके परिवारों को बर्बाद कर रही है। प्रदेश के सभी स्कूलों और कॉलेजों के हॉस्टल में छात्रावास नशा मुक्ति समितियां बनाई जाएंगी।

कई विभाग भी होंगे शामिल

डीजीपी ने बताया कि इस अभियान में उच्च शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, समाजिक न्याय विभाग, खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, नगरीय विकास एवं आवास, स्कूल शिक्षा सहित कई विभागों के साथ ही एनजीओ, धार्मिक संस्थान आदि की सक्रिय सहभागिता रहेगी।

इधर पुलिस के पास चैलेंज भी कम नहीं

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शराब दुकान के बाहर शराब पीने वालों को रोकना है।प्रदेश के कई शहरों में शाम होते ही ऐसे नजारे आम होते हैं, जहां शराब दुकान के बाहर और उसके आसपास लोग खुलेआम शराब पीते हैं। इसकी जानकारी संबंधित थाना पुलिस को भी होती है, लेकिन कार्यवाही के मामले में पुलिस की सुस्ती हमेशा चर्चित रहती है।