9 कैरेट सोने पर भी अब अनिवार्य हॉलमार्किंग: BIS ने जारी किए नए नियम, ग्राहकों को मिलेगी पूरी शुद्धता की गारंटी

Hallmarking is now mandatory on 9 carat gold: भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने सोने की हॉलमार्किंग को लेकर एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। शुक्रवार को BIS ने 9 कैरेट सोने को भी अनिवार्य हॉलमार्किंग कैटेगरी की सूची में शामिल कर दिया है, और यह नया नियम इसी जुलाई महीने से लागू हो गया है। इस फैसले से सोने की शुद्धता को लेकर ग्राहकों का भरोसा और बढ़ेगा। अब तक, केवल 24K, 23K, 22K, 20K, 18K और 14K शुद्धता वाले गहनों पर ही हॉलमार्क अनिवार्य था, लेकिन अब 9 कैरेट के गहनों पर भी हॉलमार्क देना अनिवार्य होगा।

ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए जानकारी दी कि अब सभी ज्वैलर्स और हॉलमार्किंग सेंटरों को BIS के इन नए नियमों का पालन करना होगा। नए नियम के अनुसार, 9 कैरेट सोना (375 पीपीटी) अब अनिवार्य हॉलमार्किंग के दायरे में आ गया है। पहले 9 कैरेट सोने पर हॉलमार्किंग अनिवार्य नहीं थी, लेकिन ग्राहकों को सोने की शुद्धता की सही जानकारी सुनिश्चित करने के लिए इसे अब हॉलमार्क करना जरूरी होगा।

9 कैरेट हॉलमार्किंग से सोना खरीदना होगा और आसान

सेनको गोल्ड लिमिटेड के एमडी और सीईओ सुवंकर सेन ने BIS के इस कदम को सराहा है। उन्होंने कहा कि 9 कैरेट सोने की हॉलमार्किंग सरकार का एक बेहतरीन कदम है। इससे सोने के गहने सस्ते और खरीदने में आसान हो जाएंगे, खासकर ऐसे समय में जब सोने के दाम काफी ऊँचे चल रहे हैं। सेन ने आगे कहा कि 9 कैरेट सोने में आधुनिक और स्मार्ट डिज़ाइन आसानी से बनाए जा सकते हैं, जिससे कंपनियां नए डिज़ाइन और स्टाइल में नवाचार कर सकेंगी। उनका मानना है कि यह बदलाव आने वाले समय में सोने के आभूषणों के निर्यात को भी बढ़ा सकता है। नए BIS मानक में कुछ परिभाषाएं और नियम भी संशोधित किए गए हैं।

सोने की घड़ियों और पेनों पर लागू नहीं होंगे ये नियम

हालांकि, यह नया नियम सोने की घड़ियों और पेनों पर लागू नहीं होगा। BIS के इस नियम के मुताबिक, सोने का सिक्का वही माना जाएगा जो 24K शुद्ध सोने से बनाया गया हो, जिसे केवल सरकारी टकसाल या रिफाइनरी ही बनाए और जिसका कोई चलन वाले पैसे की तरह कोई मौद्रिक मूल्य न हो। BIS एक्ट 2016 के तहत होने वाली हॉलमार्किंग इस बात की पुष्टि करती है कि गहनों और बर्तनों में कीमती धातु की कितनी मात्रा मौजूद है, जिससे ग्राहकों को खरीदे गए सोने की शुद्धता की पूरी गारंटी मिलती है।