सरकार को भेजा जाएगा हमीदिया अस्पताल और कॉलेज के नाम बदलने का प्रस्ताव

Hamidia Hospital name change: भोपाल नवाब हमीदुल्ला खान के नाम से चल रहे हमीदिया अस्पताल और हमीदिया कॉलेज के नाम बदलने का प्रस्ताव अब शासन को भेजा जाएगा। कल यह प्रस्ताव नगर निगम की बैठक में पारित हुआ। नए नामकरण के लिए विधायकों और सांसद की रायशुमारी को भी महत्व दिया जाएगा। गौरतलब है कि गत दिवस नाम बदलने के प्रस्ताव पास होते ही सदन में कांग्रेस और बीजेपी पार्षदों के बीच तीखी बहस और नारेबाजी हुई थी। शहर के कई स्थलों के नये नामों के बारे में निगम परिषद के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी का कहना है कि इस संबंध में प्रस्ताव पारित हो गया है और अब उन स्थलों के नामोंकी सूची के साथ प्रस्ताव को शासन के पास भेजा जाएगा। उसके बाद ही नये नामों की घोषणा की जा सकेगी। नये नामों केलिये विधायक और पार्षद की सहमति से जो प्रस्ताव आएगा उसको विचार के लिये सरकार के पास भेजा जाएगा।

हमीदिया के बाद क्या सुल्तानिया अस्पताल का भी नाम बदलेगा…?

भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक में हमीदिया अस्पताल, कॉलेज और स्कूल के नाम बदलने का प्रस्ताव पास होने के बाद अब यह मामला गहरा गया है कि क्या इसी तरह से सुल्तानिया अस्पताल का भी नाम बदला जाएगा। गौरतलब है कि सुल्तानिया हॉस्पिटल की नई बिल्डिंग बन रही है। इसके बन जाने के बाद इस अस्पताल को फिर से यहां शिफ्ट किया जा सकता है। अभी यह अस्पताल कमला नेहरू में लग रहा है।

ओल्ड अशोका गार्डन का नाम अब ‘राम बाग’ हुआ

बैठक में ओल्ड अशोका गार्डन का नाम ‘राम बाग’ करने, 80 फीट रोड स्थित विवेकानंद चौराहे का नाम विवेकानंद चौक करने का प्रस्ताव पारित हुआ है इसको भी अब शासन के पास भेजा जाएगा। वार्ड-69 के पार्षद सूर्यकांत गुप्ता ने ओल्ड अशोका गार्डन का नाम बदले जाने का प्रस्ताव दिया था। 26 मई-24 को सुधार समिति ने साधारण सभा के बाद ओल्ड अशोका गार्डन का नाम राम बाग करने का प्रस्ताव दिया था। इसी तरह से 80 फीट रोड स्थित विवेकानंद पार्क, अशोका गार्डन के पास चौराहे का नाम विवेकानंद चौक करने का प्रस्ताव आया। यह प्रस्ताव भी पार्षद गुप्ता ने दिया था। अब अन्य जगहों के प्रस्ताव नहीं आए हैं।