‘ताल बनी सड़कें, दहलीज तक पानी: बारिश से बड़ी झील का जल स्तर बढ़ा, कलियासोत डेम के गेट खोलने की टेस्टिंग

Water Logging in Bhopal: राजधानी में बीते 24 घंटे से कभी रुक-रुक कर तो कभी तेज लगातार बारिश हो रही है । इसके चलते भोपाल की सड़के तालाब सी नजर आ रही हैं । जिन कॉलोनी में प्लाट खाली पड़े हैं। वहां पर छोटे-छोटे तालाब नजर आ रहे, हैं क्योंकि घुटनों से ऊपर पानी भर चुका है। शहर की निचली बस्तियों में पानी दहलीज तक पहुंच गया है। प्रशासन अलर्ट मोड पर है। कई स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं । लगातार बारिश होने से बड़ी झील का जलस्तर बढ़ रहा है । शहर के कई अंडर ब्रिज में पानी भरने से यातायात बंद हो गया है, वहीं सड़के लबालब होने से भी वाहनों की रफ्तार थम गई है । मौसम विभाग ने भोपाल में जोरदार बारिश की चेतावनी दी है । कुल मिलाकर 8 इंच बारिश होने की संभावना है।

कोलार में कई जगह जलभराव

गेंहू खेड़ा, राजहर्ष कॉलोनी, वीनित कुंज, अमरनाथ कॉलोनी, मंदाकिनी कॉलोनी, गणपति इंकलेब समेत अन्य कॉलोनियों में घरों के सामने सड़क पर लबालब पानी भरा हुआ था, वाहन चालकों को आने-जाने में दिक्कतें आर्इं। दानिश कुंज में सड़क निर्माण के बाद लोगों के दुकान और मकान नीचे हो गए हैं, जिससे उनके दुकान और मकान में बारिश का पानी भर रहा है।

इन सड़कों पर भरा पानी

भोपाल टाकीज, हमीदिया रोड, डीआईजी रोड, लिंक रोड, होशंगाबाद रोड की कई कॉलोनियां, कोलार रोड, नेहरू नगर डीपो चौराहा मार्ग पर बीच में पानी भर गया। पुराने भोपाल में छोला इलाके की कई निचली बस्तियों में पानी भर गया है। जो कि घरों तक पहुंच गया है। अगर बरसात नहीं रुकी तो ऐसी बस्तियों में घरों में पानी भर जाएगा। बैरागढ़ इंदौर हाइवे मार्ग पर पानी ही पानी नजर आ रहा है। सड़क पर घुटने तक पानी भरा हुआ है। यहां से गुजरने वाले वाहनों को भारी पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है।

सवा फीट ऊपर चल रही कोलांस नदी…

भोपाल और सीहोर में बारिश की वजह से कोलास नदी का लगातार जलस्तर बढ़ रहा है। यह नदी सवा सीट ऊपर बह रही है। इस कारण बड़ी झील का जलस्तर 1661 फिट से ऊपर हो गया है। शाम तक इसके और बढ़ाने की उम्मीद है। इसी तरह कोलार डैम का भी जल स्तर बढ़ रहा है।