पछले हफ्ते अपने आॅल टाइम हाई लेवल को टच कर चुके सोने की कीमतों में इस हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को जबरदस्त गिरावट देखने को मिल रही है। सोने की घरेलू वायदा कीमत बड़ी गिरावट के साथ ट्रेड करती दिखी है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर शुरुआती कारोबार में सोने का वायदा भाव 0.77 फीसदी या 788 रुपए की गिरावट के साथ 1,01,010 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखाई दिया। वैश्विक स्तर पर भी सोने-चांदी की कीमतों में काफी गिरावट देखी जा रही है।
भोपाल के बाजार में सोमवार के सुबह के कारोबार में 24 कैरेट सोना 1,04,500 रु. (3% जीएसटी के साथ 1,06,000 रु.) और 22 कैरेट सोना 92,300 रु. (3% जीएसटी के साथ 93,800 रु.) प्रति 10 ग्राम बिका। वहीं चांदी 1,16,500 रु. प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखी। सोने के वायदा भाव ने शुक्रवार सुबह शुरुआती कारोबार में ही आॅल टाइम हाई बनाया था।
एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोना वायदा शुक्रवार सुबह करीब 720 रुपए की उछाल के साथ 1,02,191 रुपए प्रति 10 ग्राम परपहुंच गया था। यह सोने की कीमत का उच्चतम स्तर है। बाजार विश्लेषक नवनीत अग्रवाल और संजीव गर्ग गांधी का कहना है कि गोल्ड पर टैरिफ को लेकर कंफ्यूजन की स्थिति के चलते सोने की कीमतों में यह गिरावट देखी जा रही है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस एक आॅर्डर जारी करने का प्लान कर रहा है। इसमें गोल्ड बार पर अमेरिकी टैरिफ में छूट देने की बात कही जा सकती है। सोने के साथ ही चांदी की घरेलू वायदा कीमतों में भी सोमवार सुबह बड़ी गिरावट देखने को मिली है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोमवार सुबह चांदी का वायदा भाव 0.69 फीसदी या 797 रुपए की गिरावट के साथ 1,14,084 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखाई दिया। ग्लोबल मार्केट में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी जा रही है। सोमवार सुबह कॉमेक्स पर सोने का भाव 1.51 फीसदी या 52.60 डॉलर की गिरावट के साथ 3,438.70 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखाई दिया।
वहीं, सोने की वैश्विक हाजिर कीमत 0.59 फीसदी या 19.98 डॉलर की गिरावट के साथ 3,377.77 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखाई दी। सोने के साथ ही चांदी की वैश्विक कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। कॉमेक्स पर चांदी का भाव 0.91 फीसदी या 0.35 डॉलर की गिरावट के साथ 38.19 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, सिल्वर स्पॉट 0.70 फीसदी या 0.27 डॉलर की गिरावट के साथ 38.07 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखाई दी।
सेंसेक्स 200 अंक चढ़कर 80,050 पर और निफ्टी 24,400 के ऊपर
मुंबई, ब्यूरो। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज यानी सोमवार, 11 जुलाई को सेंसेक्स 200 अंक चढ़कर 80,050 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 50 अंक की तेजी है, ये 24,400 के ऊपर है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में तेजी और 10 में गिरावट है। एसबीआई, एनटीपीसी और ट्रेंट के शेयर्स 1% चढ़े हैं। आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व में मामूली गिरावट है। निफ्टी के 50 शेयरों में से 30 में तेजी और 15 में गिरावट है। एनएसई के पीएसयू बैंकिंग इंडेक्स में सबसे ज्यादा 1.5% की तेजी है। आॅटो, मेटल, रियल्टी और फार्मा भी ऊपर हैं। आईटी, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में गिरावट है।
ग्लोबल मार्केट में तेजी
एशियाई बाजारों में कोरिया का कोस्पी 0.16% चढ़कर 3,215 पर कारोबार कर रहा है। जापान का निक्केई आज बंद है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.21% ऊपर 24,911 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.51% चढ़कर 3,653 पर कारोबार कर रहा है। 8 अगस्त को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.47% चढ़कर 44,175 पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डेक कंपोजिट 0.98% ऊपर 21,450 पर और एस&पी 500 0.78% ऊपर 6,389 पर बंद हुए। 8 अगस्त को विदेशी निवेशकों (एफआईआई) ने कैश सेगमेंट में 1,932.81 करोड़ और घरेलू निवेशकों (डीआईआई) ने 7,723.66 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की। अगस्त महीने में अब तक विदेशी निवेशकों ने ?14,018.87 करोड़ के शेयर्स बेचे हैं। वहीं, घरेलू निवेशकों ने इस दौरान 36,795.52 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की है।