अनुराग कश्यप का ‘चिरंजीवी हनुमान’ के मेकर्स पर हमला: बोले- ‘यह AI कलाकारों के लिए खतरा’

अपनी बेबाक राय के लिए मशहूर फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने एक आगामी फिल्म ‘चिरंजीवी हनुमान- द इटरनल’ के निर्माताओं पर जमकर गुस्सा निकाला है, क्योंकि यह फिल्म AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा बनाई जा रही है। अनुराग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर फिल्म के निर्माता विजय सुब्रमण्यम की कड़ी आलोचना की है।

AI-जनरेटेड फिल्म पर भड़के अनुराग

‘चिरंजीवी हनुमान’ का पोस्टर जारी होने के बाद से ही फिल्म इंडस्ट्री में AI के इस्तेमाल को लेकर बहस छिड़ गई है। कई फिल्ममेकर और कलाकार पहले ही इस तकनीक के दुरुपयोग पर चिंता जता चुके हैं। अनुराग कश्यप ने भी इसी मुद्दे को उठाते हुए कहा कि AI का उपयोग कलाकारों और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के लिए एक बड़ा खतरा है।

उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “यह बहुत शर्मनाक है कि एक व्यक्ति जो कलाकारों, लेखकों और निर्देशकों के हितों का प्रतिनिधित्व करने वाले एक नेटवर्क का नेतृत्व करता है, वही अब AI-जनरेटेड फिल्म का निर्माण कर रहा है। यह साबित करता है कि ऐसी एजेंसियां सिर्फ आपसे पैसा कमाना चाहती हैं।”

“शर्म ही काफी नहीं, तुम्हें गटर में होना चाहिए”

अनुराग ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, “किसी भी अभिनेता या कलाकार में अगर हिम्मत है, तो उसे ऐसे निर्माता से सवाल करना चाहिए या फिर उस एजेंसी को छोड़ देना चाहिए, जिसने यह साबित कर दिया है कि वे कलाकारों को AI के सामने कुछ भी नहीं मानते। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के रीढ़विहीन और कायर तथाकथित कलाकारों का यही भविष्य है। विजय सुब्रमण्यम, तुम्हारे लिए शर्म ही काफी नहीं है, तुम्हें तो गटर में होना चाहिए।”

यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और यूजर्स द्वारा इसे काफी सराहा जा रहा है। कई लोगों ने अनुराग के विचारों का समर्थन किया है, जबकि कुछ ने फिल्म में AI के इस्तेमाल को भविष्य की ओर एक कदम बताया है। ‘चिरंजीवी हनुमान- द इटरनल’ के निर्माताओं ने घोषणा की है कि यह फिल्म 2026 में हनुमान जयंती के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह भारत की पहली पूरी तरह से AI-जनरेटेड फिल्म होगी।