Madhya Pradesh will not tolerate insult to women: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कड़ी नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की ‘लाड़ली बहनों’ का अपमान किया है, जिसका जवाब जनता देगी. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से माफी मांगने और पटवारी को उनके पद से हटाने की मांग की है.
कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस का यही चाल-चरित्र है और उसने कभी महिलाओं का सम्मान नहीं किया. उन्होंने पटवारी के बयान को उनकी ‘छोटी मानसिकता’ का प्रमाण बताया. जीतू पटवारी ने हाल ही में कहा था कि मध्य प्रदेश की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब का सेवन करती हैं, जिस पर मुख्यमंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी.
महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा मध्य प्रदेश
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का ‘लाड़ली बहनों’ को शराबी बताना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता बहनों का यह अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी. सीएम ने कहा कि आज हरतालिका तीज जैसे पावन पर्व पर महिलाओं का इस तरह अपमान करना बेहद शर्मनाक है. उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता इस अपमान का पूरा हिसाब लेगी.
कांग्रेस अध्यक्ष से माफी की मांग
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से इस बयान पर माफी मांगने की अपील की. उन्होंने कहा कि खरगे को खेद व्यक्त करते हुए महिलाओं का अपमान करने वाले नेता को उसके पद से हटाना चाहिए. डॉ. यादव ने यह भी याद दिलाया कि पहले भी एक कांग्रेस नेता ने ‘लाड़ली बहनों’ को बोरे में बंद करने की बात कही थी, जिससे कांग्रेस की महिलाओं के प्रति सोच उजागर होती है.