जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बादल फटने का कहर: हाईवे बंद, कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त

जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में मंगलवार को भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया. डोडा जिले के भलेसा में बादल फटने की घटना के बाद हालात और भी खराब हो गए हैं. लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है.

भूस्खलन से बाधित हुई सड़कें

लगातार बारिश के चलते रामबन में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन और चट्टानें गिरने की कई घटनाएं सामने आई हैं. इसी तरह, रियासी जिले के सीला गांव के पास भी भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे कटरा-शिवखोड़ी नेशनल हाईवे बंद हो गया. सड़कों पर मलबा और पत्थर गिरने से आवाजाही पूरी तरह रुक गई है, जिसके बाद प्रशासन ने ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ दिया है.

लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

बढ़ते खतरे को देखते हुए, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इन मार्गों पर यात्रा करने से बचें. कटरा-शिवखोड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग को भी भूस्खलन के कारण बंद कर दिया गया है. रियासी के डीएसपी विशाल जम्वाल ने बताया कि बलवा सड़क भी प्रभावित हुई है. उन्होंने चिनाब नदी के बढ़ते जलस्तर पर भी चिंता व्यक्त की.

प्रशासन हुआ अलर्ट, SDRF टीमें तैनात

चिनाब नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने के कारण कुछ इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. ऐसे स्थानों पर एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीमों को तैनात किया गया है. प्रशासन ने खासकर नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.