रीवा: नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए चोरहटा पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास गोडहर मैदान से दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 238 शीशियां प्रतिबंधित ओनरेक्श कफ सिरप बरामद की गईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर छापा
थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हीरो बाइक (MP-17-MC-2744) पर दो युवक बड़ी मात्रा में नशीली सिरप लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की और गोडहर मैदान के पास संदिग्ध बाइक पर बैठे युवकों को पकड़ने का प्रयास किया। दोनों युवक भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें तुरंत दबोच लिया।
बरामदगी और आरोपियों की पहचान
तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से एक बोरी मिली। बोरी खोलने पर उसमें 238 नग ओनरेक्श कफ सिरप की 100 एमएल शीशियां बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक यादव (23 वर्ष), राहुल द्विवेदी (26 वर्ष) के नाम से हुई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों युवक लंबे समय से नशीली दवाओं की तस्करी में सक्रिय हो सकते हैं और इस संबंध में उनसे पूछताछ जारी है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराएं 8, 21, 22, 25, 25A, 29 तथा ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
चोरहटा पुलिस ने कहा कि नशे का यह कारोबार समाज और युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर कहीं नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।इस कार्रवाई से शहर में नशीले सिरप की अवैध आपूर्ति पर बड़ा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।