तमिलनाडु के करूर में विजय की रैली में भयंकर भगदड़: 39 लोगों की मौत, CM स्टालिन ने किया मुआवजे का ऐलान

तमिलनाडु के करूर में शनिवार शाम अभिनेता विजय की रैली में मची भगदड़ के कारण बड़ा हादसा हो गया। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के अनुसार, इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं। 51 लोग आईसीयू में भर्ती हैं, जिससे मरने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।

भीड़ बेकाबू: 6 घंटे की देरी, गुम हुई बच्ची की घोषणा बनी वजह

तमिलनाडु पुलिस ने बताया कि रैली के लिए केवल 10 हजार लोगों की अनुमति थी, लेकिन 1 लाख 20 हजार स्क्वायर फीट के क्षेत्र में 50 हजार से ज्यादा लोग जमा हो गए थे।

एक्टर विजय निर्धारित समय से करीब 6 घंटे की देरी से करूर पहुंचे, जिससे उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। शाम 7:45 बजे के आसपास कुछ लोग विजय की बस की तरफ बढ़ने लगे। इसी बीच, विजय को सूचित किया गया कि 9 साल की एक बच्ची गुम हो गई है। मंच से बच्ची को तलाशने की अपील किए जाने के बाद वहां भगदड़ के हालात बन गए। विजय के मंच के पास बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस या वॉलंटियर्स मौजूद नहीं थे, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। प्रशासन का अनुमान 30 हजार लोगों का था, लेकिन 60 हजार से अधिक लोग पहुंचे, दोगुनी भीड़ को संभालने के इंतजाम नाकाफी थे।

धक्का-मुक्की और भीड़ में दबने के कारण कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को गर्मी और भीड़ के कारण सांस लेने में दिक्कत हुई।

CM स्टालिन ने लिया जायजा, जांच आयोग का गठन

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे के तुरंत बाद रात में ही उच्च स्तरीय बैठक ली और देर रात करूर पहुंचे।

 स्टालिन ने मृतकों के परिवारों को ₹10-10 लाख और घायलों को ₹1 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे की जांच के लिए जस्टिस अरुणा जगदीसन की अध्यक्षता में एक आयोग का गठन किया है।  स्टालिन ने अस्पताल जाकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना।

विवादों में एक्टर विजय

घटना के बाद एक्टर विजय घायलों से मिलने नहीं गए और चार्टर्ड फ्लाइट से सीधे चेन्नई के लिए रवाना हो गए। हालांकि, उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, “मेरा दिल टूट गया है। मैं बहुत दर्द और दुःख महसूस कर रहा हूं। मैं करूर में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायल लोगों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।”

गृह मंत्रालय ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

कीवर्ड्स: तमिलनाडु करूर भगदड़, एक्टर विजय रैली, 39 लोगों की मौत, एमके स्टालिन, मुआवजा, जांच आयोग, विजय भगदड़ हादसा।