किसानों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: कलेक्टर

हरदा: शनिवार को कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने विधायक आरके दोगने सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भावांतर योजना की जानकारी दी। कलेक्ट्रेट के सभागृह में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने बताया कि किसानों का कल्याण मप्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए भावांतर योजना लागू की गई है। इस योजना से किसानों को घाटा नहीं है।

उन्होंने बताया कि सोयाबीन का एमएसपी प्रति क्विंटल 5328 रुपए घोषित की है। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि इस वर्ष सोयाबीन के किसानों को भावांतर का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसान पहले की भांति मंडियों में सोयाबीन का विक्रय करेगा। अगर एमएसपी से कम कीमत पर सोयाबीन बिकता है तो किसानों के घाटे की भरपाई भावांतर योजना के तहत सरकार द्वारा की जाएगी। फसल के विक्रय मूल्य और न्यूनतम समर्थन मूल्य के अंतर की राशि सीधे सरकार देगी। यदि मंडी में औसत गुणवत्ता की कृषि उपज का विक्रय मूल्य न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम हो लेकिन राज्य सरकार द्वारा घोषित औसत मॉडल भाव से अधिक हो, तो किसान को केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य और वास्तविक विक्रय मूल्य के अंतर की क्षतिपूर्ति दी जाएगी। बैठक में सिराली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह नागू पटेल, विधायक प्रतिनिधि दशरथ पटेल, संजय साध, राहुल पटेल, संतोष सिंह मौजूद थे।