मंगलवार को शेयर बाजार की तेजी के साथ शुरुआत

मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार एशियाई बाजारों के मिलेजुले प्रदर्शन के बीच बढ़त के साथ खुले। आईटी कंपनियों के तिमाही नतीजों की शुरुआत से पहले आईटी शेयरों में खरीदारी ने बाजार को मजबूती प्रदान की। रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक, ICICI बैंक, L&T, Infosys और ITC जैसे प्रमुख शेयरों में निवेशकों की लिवाली से बाजार को अतिरिक्त समर्थन मिला। BSE Sensex 93 अंकों की बढ़त के साथ 81,883.95 पर खुला, हालांकि शुरुआती कारोबार में सूचकांक में उतार-चढ़ाव देखा गया। सुबह के सत्र में यह 82.34 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 81,872.46 पर कारोबार कर रहा था। दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का Nifty50 भी 25,085 अंकों पर मजबूती के साथ खुला और 37.90 अंकों की बढ़त के साथ 25,115.55 पर ट्रेड कर रहा था।

सोमवार को भी घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी रही। BSE Sensex 582.95 अंकों की उछाल के साथ 81,790.12 पर बंद हुआ, जबकि NSE Nifty-50 183.40 अंकों की बढ़त के साथ 25,077.65 पर पहुंचा।

एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख देखने को मिला। जापान का निक्केई सूचकांक लगातार दूसरे सत्र में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा, जिसे वॉल स्ट्रीट पर प्रौद्योगिकी शेयरों की तेजी का समर्थन मिला। यह तेजी ओपनएआई और एएमडी के बीच हुए एक बड़े सौदे के बाद देखी गई, जिसे चिप निर्माता दिग्गज एनवीडिया के लिए मजबूत प्रतिस्पर्धा के रूप में देखा जा रहा है। निक्केई में 0.81% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग 0.67% नीचे रहा। चीन का सीएसआई 300 सूचकांक 0.45% ऊपर रहा, और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 2.7% की बढ़त के साथ बंद हुआ।

वॉल स्ट्रीट पर भी प्रमुख सूचकांकों ने मिलाजुला प्रदर्शन किया। S&P 500 में 0.36% और नैस्डैक में 0.71% की बढ़त दर्ज की गई, जबकि डॉव जोन्स 0.14% की गिरावट के साथ बंद हुआ।