पुलिस ने नकली पान मसाला और पैकिंग मशीन की जब्त
अशोकनगर: कोतवाली पुलिस ने टोरिया क्षेत्र में एक घर में नकली राजश्री बनाये जाने की शिकायत मिलने पर कार्यवाही की है। जिसमें एक बासठ साल के व्यक्ति के घर से नकली राजश्री पैकेट और पैकिंग मशीन सहित अन्य उपकरण जप्त किए हैं। विशाल पिता रामस्वरूप चौरसिया द्वारा लालजी राम पिता रतनलाल साहू के द्वारा केपान पान मसाला के उत्पाद राजश्री पान मसाला के अवैध उत्पादन व विक्रय किए जाने के शिकायत की गई थी जिसके बाद थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान के आदेश से शिकायतकर्ता विशाल, साक्षी राजेश बोहरे के साथ अवैध रूप से पान मसाला का निर्माण करने वाले व्यक्ति लालजी राम के घर पर पहुंचे जहां लालजी राम के घर की तलाशी मय फोर्स के ली गई तो लालजी राम पिता रतनलाल साहू के घर अंदर वाले कमरे से एक हल्के पीले रंग के कट्टों में केपान पान मसाला के उत्पाद राजश्री पान मसाला की पैकेट से भरे मिले गिनती करने पर 40-40 रुपए बिक्री वाली राजश्री पान मसाला की 200 पैकेट प्रत्येक पैकेट में 10 पुडिया राजश्री एक पैकेट की कीमत करीबन 400 रुपये है मिले। इसके अलावा जिसे मौके पर केपान पान मसाला के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा परीक्षण करने पर नकली होना बताया गया। कट्टे से 02 पैकेट जांच हेतु सेम्पिल के रूप में पृथक से निकाले गए। लालजी राम पिता रतनलाल साहू के घर के बाहर वाले कमरे की तलाशी लेने पर बीस और चालीस रुपये वाली राजश्री पान मसाला के चार हजार आउटर कवर मिले हैं। इसके अलावा दोनों कट्टों में 100-100 पैकेट तम्बाकू के मिले हैं, प्रत्येक पैकेट में 10 पुडिया तम्बाकू की हैं। इसके अलावा अन्य सामान भी मिला है। वहीं एक राजश्री पान मसाला को पाउच में भरने की मशीन जिसकी कीमती करीबन डेढ लाख रुपए होगी मिली है। लालजी राम से उक्त उत्पाद को बनाने के संबंध में सक्षम अनुमति चाही गई तो लालजी राम द्वारा अनुमति व लाईसेंस ना होना बताया। बाद उक्त उत्पाद को प्रथम दृष्ट्या नकली होने से जप्त किया गया। आरोपी लालजी राम पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।