मंदिर के बाहर मासूम का अपहरण रातभर सर्चिंग, सुबह आईएसबीटी पर मिली, बदमाश छोड़कर भागा

राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र से कल रात मंदिर के बाहर से अगवा हुई पांच साल की मासूम बच्ची आज सुबह पुलिस को आईएसबीटी से मिल से गई। पुलिस ने रातभर सर्चिंग अभियान चलाया तो बदमाश उसे छोड़कर भाग गया। अपहरणकर्ता ने मासूम के साथ मारपीट भी की थी, क्योंकि उसे चेहरे पर चोट के निशान है। इसलिए पुलिस अब उसका मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही उसकी काउंसलिंग करा रही है। जिससे अपहरण करने वाले बदमाश का पता चल सके। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक कल रात करीब साढ़े आठ बजे 1100 क्वार्टर मंदिर के सामने से पांच साल की मासूम बच्ची लापता हो गई थी। रात में थाने पहुंचे परिजनों ने पुलिस को खबर दी तो पुलिस ने रात में सर्चिंग शुरू कर दी। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत अन्य जगहों पर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। करीब सुबह साढ़े चार बजे बच्ची आईएसबीटी बस स्टैंड पर मिली। उसके साथ बदमाश भी था, लेकिन वह पुलिस की सर्चिंग देख घबरा गया और मासूम को छोड़कर भाग गया। बच्ची के साथ आरोपी ने मारपीट की है। उसके चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। बच्ची का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है। आरोपी की तलाश में हबीबगंज पुलिस जुटी है।