भोपाल: सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे सड़क मरम्मत कार्य जल्द शुरू होगा। मेट्रो प्रबंधन ने ग्राउंड लेवल वर्क (जमीनी कार्य) के तहत सड़क दुरुस्ती के लिए भोपाल यातायात पुलिस को रूट डायवर्जन संबंधी प्रस्ताव भेजा है। जानकारी के अनुसार इस हिस्से में मेट्रोप्रोजेक्ट का कार्य पूरा हो चुका है, इसलिए अब सड़क को दुरुस्त किया जाना है, ताकि सड़क मरम्मत के बाद संबंधित विभाग को सड़क हैंडओवर की जा सके। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार रूट डायवर्जन की अनुमति इसलिए मांगी गई है, ताकि मरम्मत के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यातायात पुलिस पहले साइट का निरीक्षण करेगी, उसके बाद डायवर्जन का समय तय कर अनुमति जारी करेगी। फिलहाल सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन के नीचे की एक तरफ की सड़क मरम्मत पहले ही पूरी की जा चुकी है। दूसरी ओर की सड़क को भी रूट डायवर्जन मिलने के बाद मरम्मत कर दुरुस्त किया जाएगा। प्रबंधन का कहना है कि अनुमति मिलते ही ग्राउंड लेवल वर्क शुरू करा दिया जाएगा, ताकि यातायात जल्द सामान्य हो सके। मेट्रो स्टेशन के काम जैसे-जैसे पूरे होंगे, उधर ग्राउंड लेवल वर्क के तहत सड़क की मरम्मत की जाएगी।