गृह सम्पर्क, पंच परिवर्तन और हिन्दू सम्मेलन से आमजनों में अपनी गहरी पैठ बनाएगा संघ

आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया, कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक जबलपुर में आयोजित की जा रही है। संघ दृष्टि से भारत के 46 प्रान्तों से 407 कार्यकर्ता इस बैठक में अपेक्षित हैं। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले तथा 06 सहसरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सहित सभी 11 क्षेत्रों एवं 46 प्रान्तों के संघचालक, कार्यवाह व प्रांत प्रचारक उपस्थित रहेंगे। साथ ही चयनित कार्यकर्ता भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि गृह संपर्क अभियान योजना के अंतर्गत हर प्रांत में 25 से 40 दिन का अभियान होगा। सामान्य से सामान्य स्वयंसेवक कुछ साहित्य जिसमें फोल्डर एवं पुस्तिकाएँ लेकर घर-घर जाएंगे। पंच परिवर्तन का संदेश कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण युक्त जीवनशैली, स्व का बोध और नागरिक कर्तव्य इन विषयों को लेकर गृह संपर्क होगा। सिख गुरु तेग बहादुर के 350वें बलिदान दिवस व भगवान बिरसा मुंडा के 150 वीं जयंती पर एक विशेष वक्तव्य जारी किया जाएगा और इस संदर्भ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। पत्रकार वार्ता में मंच पर प्रांत संघचालक डॉ प्रदीप दुबे उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम में अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर व प्रदीप जोशी उपस्थित थे।