मध्य प्रदेश में ठंड का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार रात दमोह में सबसे कम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कटनी जिले के करौंदी में पारा 7.5 डिग्री तक पहुंच गया। शाजापुर के गिरवर में 8 डिग्री और राजधानी भोपाल में 8.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
भोपाल की यह रात पिछले दस साल की तीसरी सबसे ठंडी नवंबर रात मानी जा रही है। रीवा में 9.2 डिग्री और रायसेन में 9.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर समेत कई बड़े शहरों में भी रात का पारा 11 डिग्री के आसपास या उससे कम रहा। प्रदेश के लगभग 30 स्थानों पर न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ।
तीन जिलों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग ने भोपाल, राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में ठंडी हवाओं का प्रभाव दिन के समय भी बना रह सकता है। अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की और गिरावट की संभावना जताई गई है। इससे कई शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा भी छाने की आशंका है।